टीबी के खिलाफ भारत की बड़ी कामयाबी, मौतों में 38 प्रतिशत की कमी

0
2

एएनआई, नई दिल्ली। भारत में तपेदिक (टीबी) के खिलाफ चल रही लड़ाई में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। वर्ष 2015 के बाद से देश में टीबी से होने वाली मौतों में 38 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। यह गिरावट वैश्विक स्तर पर दर्ज 35 प्रतिशत की कमी से भी अधिक है।

दवा-संवेदनशील टीबी के मरीजों में इलाज की सफलता दर बढ़कर 94 प्रतिशत हो गई है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की वैश्विक टीबी रिपोर्ट 2026 में 12 नवंबर को जारी ये आंकड़े बीमारी पर काबू पाने के भारत के प्रयासों को रेखांकित करते हैं।

राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत बीमारी की शुरुआती पहचान, समय पर इलाज और मरीजों को बेहतर देखभाल उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।

इसके लिए एआइ की मदद से छाती के एक्स-रे की जांच, त्वरित आणविक परीक्षण और सक्रिय टीबी खोज अभियान चलाए जा रहे हैं। नि-क्षय पोषण योजना और नि-क्षय मित्र पहल के जरिये मरीजों को पौष्टिक भोजन और अन्य सहायता भी दी जा रही है।

टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 7 दिसंबर 2024 से 8 नवंबर 2026 के बीच 25 करोड़ से अधिक लोगों को जांच के दायरे में लाया गया।

इस दौरान शुरुआती पहचान के लिए 11 करोड़ से अधिक छाती के एक्स-रे किए गए, जबकि बीमारी की पुष्टि के लिए तीन करोड़ से अधिक न्यूक्लिक एसिड एम्प्लीफिकेशन टेस्ट (एनएएटी) किए गए। जांच में टीबी के 48.64 लाख नए मामले सामने आए। इनमें 14.97 लाख ऐसे मरीज थे, जिनमें बीमारी के लक्षण दिखाई नहीं दे रहे थे।

अभियान में बीमारी के हाटस्पॉट की पहचान और जोखिम वाले लोगों का पता लगाने के लिए एआई आधारित उपकरणों का भी इस्तेमाल किया गया। खुशी एआई चैटबाट और अवतार वीडियोबॉट के जरिये लोगों तक टीबी से जुड़ी जानकारी पहुंचाई गई।

सरकार का जोर खासतौर पर कमजोर और दूर-दराज के समुदायों तक जांच व इलाज की सुविधाएं पहुंचाने पर रहा है। टीबी कार्यक्रम की कुल वित्तीय जरूरतों का 96 प्रतिशत हिस्सा घरेलू संसाधनों से पूरा किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here