BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश रुधौली में पेड़ों से लटकते मिले युवक-युवती के शव, इलाके में मचा...

रुधौली में पेड़ों से लटकते मिले युवक-युवती के शव, इलाके में मचा हड़कंप

रुधौली/बस्ती। नगर पंचायत रुधौली के बालेश्वरी सिंह नगर वार्ड में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब अलग-अलग स्थानों पर एक युवक और युवती के शव पेड़ों से लटकते मिले। घटना की जानकारी सामने आते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

 

जानकारी के अनुसार राहुल पुत्र गया दीन का शव घर से करीब 50 मीटर की दूरी पर स्थित रेड़ के पेड़ से लटका मिला। वहीं, दूसरी घटना में नीरू का शव घर से कुछ दूरी पर अमरूद के पेड़ से लटका मिला। दोनों घटनाएं अलग-अलग स्थानों पर सामने आईं।

 

संबंधित खबरें

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने राहुल के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने और पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की। बताया गया कि नीरू के परिजन पुलिस के पहुंचने से पहले ही उसके शव को पेड़ से उतारकर घर ले आए थे।

 

घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों के अनुसार नीरू अपने भाई-बहनों में सबसे छोटी थी, जबकि राहुल चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर था।

 

प्रेम प्रसंग की चर्चा, पुलिस की पुष्टि नहीं

 

दोनों घटनाओं के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ स्थानीय लोग दोनों मामलों को कथित प्रेम प्रसंग से जोड़कर देख रहे हैं, लेकिन इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

 

पुलिस दोनों मामलों की परिस्थितियों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस घटनास्थल और अन्य संबंधित तथ्यों की भी जांच कर रही है।

 

फिलहाल बालेश्वरी सिंह नगर वार्ड में दो अलग-अलग घटनाओं में युवक-युवती की मौत से शोक और चर्चा का माहौल है। पुलिस जांच के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।

रिपोर्ट – सुशील शर्मा

एमएनटी न्यूज़ जिला ब्यूरो चीफ़, बस्ती

www.mntnews.in

Posts by mntnewsbharat
@mntnewsbharat
Follow @mntnewsbharat