BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश सरयू नदी में कूदे युवक का छठवें दिन सुराग नहीं:कलवारी-टांडा पुल से...

सरयू नदी में कूदे युवक का छठवें दिन सुराग नहीं:कलवारी-टांडा पुल से लगाई थी छलांग, अयोध्या SDRF और गोंडा टीम तलाश में जुटी

कलवारी, बस्ती में सरयू नदी में छलांग लगाने वाले 18 साल के विपिन यादव की तलाश छठवें दिन भी जारी रही। शनिवार को अयोध्या की एसडीआरएफ और 30वीं बटालियन पीएसी गोंडा की बाढ़ राहत टीम ने मिलकर नदी में तलाशी अभियान चलाया। टीमों ने पुल के पूरब नदी के दोनों किनारों पर काफी दूर तक संभावित जगहों पर तलाश की, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल सका दुबौलिया थाना क्षेत्र के उमरिया चौकी के सेमरा मुस्तहकम गांव का रहने वाला विपिन यादव (18) अपने बुआ के बेटे शिवम के साथ गुरुवार शाम कलवारी-टांडा पुल पर गया था। उसी दौरान उसने पुल से सरयू नदी में छलांग लगा दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। इसके बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश शुरू की गई। शुक्रवार को 30वीं बटालियन पीएसी गोंडा की बाढ़ राहत टीम को तलाशी अभियान में लगाया गया। अभियान के दौरान ग्रामीणों ने तलाश तेज करने की मांग की। इसके बाद एसडीएम सदर के निर्देश पर अयोध्या की एसडीआरएफ टीम भी तलाशी अभियान में शामिल हुई। छठवें दिन भी दोनों राहत टीमों ने नदी के अलग-अलग हिस्सों में गहनता से तलाश की। टीम ने नदी के बहाव और गहरे स्थानों पर भी खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली। युवक के लापता होने के बाद से परिजन नदी किनारे मौजूद हैं और उसके मिलने की उम्मीद कर रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि नदी के दोनों किनारों पर काफी दूर तक तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन युवक का पता नहीं चला है। नदी तट से जुड़े थानों को भी युवक के बारे में जानकारी दे दी गई है।