डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत की हर राज्य हर इलाके की अपनी खासियत है। पीएम मोदी इन्हीं खासियतों से बने उपहार लेकर विदेश यात्रा पर गए जो उन्होंने वहां के राष्ट्र प्रमुखों को सौंपे हैं।
इस कड़ी में किसी को राजस्थान की पिछवाई पेंटिंग, तो किसी को ब्लू बनारसी कतान सिल्क और कुछ नेताओं को बिदलीवेयर सिल्वर इनले फूलदान गिफ्ट में दिए गए।
पीएम मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप को राजस्थान के नाथद्वारा की प्रसिद्ध गोल्डन पिछवाई पेंटिंग गिफ्ट की। उन्होंने जापानी प्रधानमंत्री साने ताकाइची को सधेली बॉक्स में रखा रॉयल ब्लू बनारसी कतान सिल्क स्टोल भेंट किया। पीएम ने फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर को हाथ से बुना हुआ कश्मीरी रेशमी कालीन और ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज को राजस्थान की जयपुर ब्लू पॉटरी की कलाकृति गिफ्ट की।
इंडोनेशिया के राष्ट्रपति को चोल कांस्य मूर्ति
भारत की ओर से इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो को तमिलनाडु की प्राचीन चोल कांस्य मूर्ति भेंट कर पीएम मोदी ने इस मिलन को यादगार बनाने की कोशिश की। इसके साथ ही मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम को चांदी की नक्काशीदार उरली भेंट की, जिसकी बाजार में खासा मांग है। ये चांदी की नक्काशीदार उरली सजाने के काम आता है। लोग आमतौर पर इसे प्रवेश द्वार या पूजा कक्ष में रखते हैं।

आसियान नेताओं को मिला ये तोहफा
पीएम मोदी ने अन्य आसियान नेता को भी भारत के अलग अलग हिस्से में बनी अनूठी कला से सुसज्जित चीजें गिफ्ट की हैं। कंबोडिया के प्रधानमंत्री को डोकरा कलाकृति वाली नाव, म्यांमार और ब्रुनेई के नेताओं को कर्नाटक की बिदरीवेयर सिल्वर इनले फूलदान, लाओस के प्रधानमंत्री को सोने के काम वाला रोज क्वार्ट्ज हाथी, थाईलैंड के प्रधानमंत्री को गुजरात की रोगन आर्ट पेंटिंग, तिमोर-लेस्ते के प्रधानमंत्री को खंभात का अकीक का कटोरा और वियतनाम के प्रधानमंत्री को पारंपरिक चमड़े की वॉल हैंगिंग भेंट की गई।

दो दिवसीय रहा पीएम का दौरा
बता दें कि पीएम मोदी फिलीपींस की राजधानी मनीला की राजनयिक यात्रा पर थे। दो दिवसीय यात्रा के दौरान भारत के अन्य देशों के साथ रिश्तों को मजबूत करने के साथ ही व्यापार को बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की गई।
16-17 नवंबर की फिलीपींस यात्रा के दौरान पीएम मोदी ने 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में भाग लिया था। उन्होंने ट्रंप, तकाइची और अल्बानीज के साथ ‘क्वाड’ (Quad) नेताओं की बैठक में भी हिस्सा लिया। ये उपहार भारत के कई हिस्सों जैसे राजस्थान, कश्मीर, तमिलनाडु, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश और दक्कन क्षेत्र की पारंपरिक कलाओं और शिल्पों पर आधारित थे।
(समाचार एजेंसी एएनआई के इनपुट के साथ)

















