
सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के पकड़ी रेंज अंतर्गत परसखाड़ ग्रामसभा के पोखरहवा टोला स्थित पोखरे में शनिवार को एक मगरमच्छ दिखाई दिया। मगरमच्छ के दिखने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। मगरमच्छ दिखने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। कुछ लोग मगरमच्छ की तस्वीरें लेने लगे। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ लोग पोखर के पास टहल रहे थे, तभी उनकी नजर मगरमच्छ पर पड़ी। शोर मचने पर आसपास के लोग भी वहां पहुंच गए। घटना की जानकारी मिलने पर वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने ग्रामीणों को पोखर के पास से हटाकर मगरमच्छ की निगरानी शुरू कर दी। भीड़ बढ़ती देख मगरमच्छ वापस पानी में चला गया। वन दरोगा संदीप राना ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को वहां से हटाया। उन्होंने बताया कि मगरमच्छ पानी में चला गया है और वन विभाग की टीम उसकी लगातार निगरानी कर रही है। ग्रामीणों को पोखर की ओर न जाने की सलाह दी गई है और आवश्यक होने पर सावधानी बरतने की अपील की गई है।



























