भिक्खी | मिठौरा(महाराजगंज), महराजगंज16 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

उत्तर प्रदेश के मिठौरा विकासखंड की ग्राम सभा मधुबनी के टोला बेलवा में एक आंगनबाड़ी केंद्र का कायाकल्प ₹5.98 लाख खर्च होने के बावजूद अधूरा है। केंद्र की बाहरी चमक-दमक के विपरीत, अंदर पंखा, शौचालय और पानी की व्यवस्था जैसी बुनियादी सुविधाएं नदारद हैं, जिससे सरकारी दावों पर सवाल उठ रहे हैं।
उपलब्ध भुगतान विवरण के अनुसार, वैभव एंटरप्राइज को 13 जनवरी 2025 को ₹1,96,419 और 17 नवंबर 2025 को ₹3,94,000 तथा ₹97,023 का भुगतान किया गया है। इस प्रकार, कुल ₹5,98,852 की धनराशि खर्च होने के बाद भी केंद्र में आवश्यक सुविधाएं पूरी नहीं हो पाई हैं।
केंद्र परिसर में तीन शौचालय बनाए गए हैं। इनमें से दो में सीट लगाई गई है, जबकि तीसरे का काम अभी शुरू नहीं हुआ है। तीनों शौचालयों में टाइल्स और दरवाजे नहीं लगाए गए हैं। पानी की टंकी तो स्थापित कर दी गई है, लेकिन पानी पहुंचाने के लिए मोटर अब तक नहीं लगाई गई है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता विंध्यवासिनी सिंह ने पंखा, शौचालयों के दरवाजे-टाइल्स और मोटर जैसी सुविधाओं के अधूरे होने की पुष्टि की है। एडीओ पंचायत कौशल किशोर ने बताया कि कार्य अभी प्रगति पर है। हालांकि, बाद में उनसे संपर्क करने का प्रयास विफल रहा। बीडीओ राहुल सागर से भी संपर्क नहीं हो सका।
लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद बच्चों के लिए बुनियादी सुविधाओं का अधूरा रहना चिंता का विषय है। ग्रामीणों ने इस पूरे मामले की तकनीकी जांच और भुगतान के सापेक्ष कार्यों के सत्यापन की मांग की है। ग्राम प्रधान पिंटू गुप्ता, सचिव संतोष कुमार गुप्ता और प्रियांश पटेल की भूमिका पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।




























