
मिठौरा विकासखंड के ग्राम सभा मधुबनी के बेलवा टोला में ग्रामीण नाली की समस्या से जूझ रहे हैं। यहां कई स्थानों पर नाली पिछले करीब दो वर्षों से क्षतिग्रस्त है। स्लैब न होने और जाम के कारण हादसे का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान पर समस्या के समाधान में गंभीरता न दिखाने का आरोप लगाया है। मोहल्ले की महिलाओं ने बताया कि नाली लंबे समय से क्षतिग्रस्त है। उन्होंने कई बार ग्राम प्रधान से इसकी मरम्मत और स्लैब लगवाने की मांग की है। हालांकि, उन्हें हर बार केवल जल्द काम कराने का आश्वासन दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि दो साल बीत जाने के बाद भी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। उनके अनुसार, सूरज, सुदामा और हरिकेश के घरों के पास, साथ ही रविंद्र और धर्मेंद्र के घरों के समीप नाली टूटी हुई है। खुली नाली के कारण मोहल्ले में आने-जाने वाले लोगों, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों को हमेशा चोटिल होने का खतरा रहता है। ग्रामीणों ने चिंता व्यक्त की कि वाहन या सवारी के गुजरने पर किसी के भी नाली में गिरकर चोटिल होने की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से जल्द से जल्द नाली की मरम्मत कराने और उस पर स्लैब डलवाने की मांग की है।



























