Home लेटेस्ट न्यूज़ महराजगंज में बेटे-दामाद के सामने व्यक्ति की हत्या:400 रुपये के विवाद में...

महराजगंज में बेटे-दामाद के सामने व्यक्ति की हत्या:400 रुपये के विवाद में पीट-पीटकर मार डाला, मिट्टी के बर्तन बनाकर परिवार चलाता था

0
0


महराजगंज में महज 400 रुपये के लेनदेन का विवाद इतना बढ़ गया कि एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पनियरा थाना क्षेत्र के गोनहा गांव के सतुअहवा टोला निवासी मेवालाल प्रजापति (38) की शनिवार शाम रोहुआ चौराहा पुल के पास बेरहमी से पिटाई कर दी गई। आरोप है कि आरोपी ने उनका गला दबाया और गंभीर चोट पहुंचाई, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद से गांव में सन्नाटा पसरा है। पत्नी राजमती और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना शनिवार 29 अगस्त की शाम करीब 5 बजे की है।
मेवालाल अपने सात वर्षीय बेटे अंश और दामाद दिलीप प्रजापति के साथ बाजार जा रहे थे। जैसे ही वे रोहुआ चौराहा के पास पहुंचे, वहां रामकेश निषाद निवासी रोहुआ, थाना गुलरिहा, पहले से मौजूद था। आरोप है कि रामकेश ने पैसों के लेनदेन को लेकर मेवालाल से विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते उसने मेवालाल को पकड़कर मारपीट शुरू कर दी। घटना के दौरान सात वर्षीय बेटा अंश पिता को बचाने के लिए रोता-बिलखता रहा। सूचना मिलने पर मेवालाल की पत्नी राजमती भी मौके पर पहुंचीं। आरोप है कि जब वह शिकायत करने रामकेश के घर गईं तो आरोपी की पत्नी ने उनके साथ भी मारपीट की। परिजन और ग्रामीण जब मेवालाल के पास पहुंचे, तब तक उनकी हालत गंभीर हो चुकी थी और मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पत्नी राजमती देवी ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पनियरा थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि घटना का मुख्य स्थल गोरखपुर जिले के गुलरिहा थाना क्षेत्र में आता है। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची थी और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में संबंधित थाना पुलिस कार्रवाई कर रही है। मिट्टी के बर्तन बनाकर चलाते थे परिवार मेवालाल परिवार के अकेले कमाने वाले सदस्य थे। वह चाक पर मिट्टी के बर्तन बनाते थे और गांव-गांव जाकर उन्हें बेचकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी कमाई से दो बेटियों की शादी हो चुकी थी, जबकि दो बेटियां अभी अविवाहित हैं। सात वर्षीय बेटे अंश की पढ़ाई और परिवार की जिम्मेदारी भी उन्हीं के कंधों पर थी।
मेवालाल की मौत के बाद परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। पत्नी राजमती का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका कहना है कि महज 400 रुपये के विवाद में उनके पति की जान चली गई। ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के साथ ही पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद देने की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here