Home लेटेस्ट न्यूज़ गायत्री शक्तिपीठ ने नेपाल में बाढ़ राहत अभियान शुरू किया:तुलसीपुर में स्वयंसेवक...

गायत्री शक्तिपीठ ने नेपाल में बाढ़ राहत अभियान शुरू किया:तुलसीपुर में स्वयंसेवक धन और सामग्री जुटाने में जुटे

0
13


तुलसीपुर में गायत्री शक्तिपीठ, तुलसीपुर ने नेपाल में आई भीषण प्राकृतिक आपदा से प्रभावित पीड़ितों की सहायता के लिए राहत अभियान शुरू किया है। शक्तिपीठ से जुड़े गायत्री परिवार के स्वयंसेवक नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में धन व राहत सामग्री जुटा रहे हैं। शांतिकुंज हरिद्वार के निर्देश पर, गायत्री परिवार के स्वयंसेवकों ने टोलियां बनाकर लोगों से संपर्क करना शुरू कर दिया है। इस अभियान की रूपरेखा तय करने के लिए गायत्री मंदिर तुलसीपुर में स्वयंसेवकों की एक बैठक भी आयोजित की गई है। स्वयंसेवक घर-घर और मोहल्लों में जाकर आपदा पीड़ितों के लिए आर्थिक सहयोग के साथ ही आवश्यक उपयोग की वस्तुएं उपलब्ध कराने की अपील कर रहे हैं। गायत्री मंदिर तुलसीपुर के ट्रस्टी प्रदीप गोयल ने बताया कि नेपाल में आई भीषण आपदा से बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान हुआ है। हजारों लोग प्रभावित हुए हैं और बड़ी संख्या में परिवारों के घर उजड़ गए हैं। उन्होंने इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों की सहायता को मानवता का दायित्व बताया। शांतिकुंज हरिद्वार की आपदा प्रबंधन टीम की परम श्रद्धेया शैल जीजी और श्रद्धेय चिन्मय भैया जी के निर्देश पर इस राहत अभियान को गति दी गई है। प्रदीप गोयल ने यह भी बताया कि शांतिकुंज हरिद्वार के गायत्री परिवार की ओर से नेपाल के प्रभावित क्षेत्रों में चावल, आटा, गुड़, नमक, चूड़ा, दाल, आलू, कपड़े सहित अन्य आवश्यक सामग्री पहले ही भेजी जा चुकी है। तुलसीपुर और आसपास के क्षेत्रों से भी लगातार राहत सामग्री एकत्र की जा रही है, जिसे जरूरतमंदों तक पहुंचाने के लिए शांतिकुंज भेजा जाएगा। नेपाल के पीड़ितों की सहायता के लिए शांतिकुंज की ओर से एक क्यूआर कोड भी जारी किया गया है। इसके माध्यम से लोग सीधे आर्थिक सहायता भेज सकते हैं। प्रदीप गोयल ने अपील की कि जो लोग राहत कोष में अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग करना चाहते हैं, वे निर्धारित खाते या क्यूआर कोड के माध्यम से राशि भेजें और अपने नाम-पते का विवरण गायत्री मंदिर कार्यालय पर उपलब्ध कराएं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here