
बहराइच के तहसील कैसरगंज के फखरपुर ब्लॉक में बाढ़ प्रभावित आठ गांवों में रविवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संजय शर्मा की अध्यक्षता और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फखरपुर के अधीक्षक डॉ. एनके सिंह की निगरानी में स्वास्थ टीम लगातार ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और जरूरतमंद मरीजों को दवाएं वितरित की जा रही । यह पहल ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गाँधीगंज, मंझारा तौकली, मजगवां, अलीपुर दरौना, गोलागंज, अटोडर, सिलौटा और घुरेहरीपुर गांवों का दौरा कर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं। इस टीम में एएनएम सुजाता, अमिता, जुली, साक्षी तिवारी, कंचन पाल, सुमन, साक्षी शुक्ला और रश्मि शामिल थीं। आशा कार्यकर्ताओं में राजरानी, बीना, विमला देवी, लक्ष्मी, उषा कश्यप, उषा सिंह और सुमन गुप्ता ने ग्रामीणों को दवाएं बांटने के साथ ही बाढ़ के दौरान होने वाली बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक भी किया। स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों को साफ-सफाई बनाए रखने, दूषित पानी के सेवन से बचने और बुखार, खांसी, जुकाम, खुजली जैसी स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तत्काल स्वास्थ्यकर्मियों से संपर्क करने की सलाह दी। सीएचसी फखरपुर के अधीक्षक डॉ. एनके सिंह ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति सामान्य है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार इन गांवों में काम कर रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इसके लिए पहले से ही योजना तैयार की गई है और स्थिति की जानकारी लगातार जिला स्तर पर भेजी जा रही है। डॉ. सिंह के अनुसार, ग्रामीणों में बुखार, खांसी-जुकाम और खुजली जैसी सामान्य बीमारियां देखने को मिल रही हैं, लेकिन फिलहाल किसी गंभीर बीमारी की सूचना नहीं है। उन्होंने पुष्टि की कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।



























