
बहराइच जरवल ब्लॉक क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बिराहिमपुर बेलहौरा के गांव पहाड़ पूरावा में पैगंबर हजरत मोहम्मद ﷺ की याद में ईद मिलादुन्नबी ﷺ के अवसर पर भव्य धार्मिक कार्यक्रम एवं महफिल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों के साथ-साथ दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
महफिल में मोहम्मद नाजिम खान, मोहम्मद अकलीम खान, मोहम्मद हसीब रजा समेत कई उलेमा और गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया। वक्ताओं ने पैगंबर हजरत मोहम्मद ﷺ की सीरत, उनके जीवन संदेश तथा इंसानियत, अमन, मोहब्बत और भाईचारे की शिक्षाओं पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान उस समय माहौल बेहद भावुक और खुशनुमा हो गया, जब महफिल से महज 6 साल की एक बच्ची सामने आई और उसने नात-ए-पाक पढ़कर अपनी प्रस्तुति दी। बच्ची की मासूम आवाज और आत्मविश्वास से प्रभावित होकर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने उसकी खूब सराहना की।
खास बात यह रही कि बच्ची की नात की प्रस्तुति की हिंदू और मुस्लिम समाज के लोगों ने मिलकर प्रशंसा की। लोगों ने बच्ची का उत्साह बढ़ाते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव की खूबसूरत तस्वीर देखने को मिली।
आयोजकों ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज में अमन, मोहब्बत, इंसानियत और आपसी भाईचारे का संदेश पहुंचाना है। कार्यक्रम के दौरान लोगों से समाज में शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील भी की गई।
ईद मिलादुन्नबी ﷺ की इस महफिल में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी से गांव में उत्साह का माहौल रहा। कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने दूर-दराज से पहुंचे सभी मेहमानों, उलेमा और स्थानीय लोगों का आभार व्यक्त किया।



























