Home लेटेस्ट न्यूज़ नानपारा में करंट लगने से युवक की मौत:जमीन की हदबंदी के दौरान...

नानपारा में करंट लगने से युवक की मौत:जमीन की हदबंदी के दौरान हुई घटना

0
7


बहराइच के नानपारा कोतवाली क्षेत्र में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से एक 37 वर्षीय युवक की मौत हो गई। यह घटना शिवपुर रोड स्थित वनरेंज कार्यालय के पास खेत में जमीन की हदबंदी के दौरान हुई। मृतक की पहचान इरशाद अहमद के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, इरशाद अहमद अपने साथी सलीम अहमद के साथ जमीन की हदबंदी के कार्य के लिए खेत में गए थे। परिजनों का आरोप है कि खेत के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन के तार काफी नीचे और असुरक्षित स्थिति में लटक रहे थे। हदबंदी के दौरान इरशाद इन तारों के संपर्क में आ गए, जिससे उन्हें तेज करंट लगा और वे मौके पर गिर पड़े। हादसे के बाद वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। साथी और अन्य लोगों ने तुरंत इरशाद को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानपारा पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री से इस मामले की निष्पक्ष जांच, घटनास्थल का निरीक्षण और हाईटेंशन लाइन की तकनीकी जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कथित लापरवाही के लिए जिम्मेदार विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की भी मांग की है। कोतवाल नानपारा गुरु सेन सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here