
बहराइच-नेपालगंज रोड रेलखंड पर नई रेल सेवा का शुभारंभ 31 अगस्त को होगा। इस मार्ग पर आमान परिवर्तन और विद्युतीकरण का कार्य पूरा हो चुका है। पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने नानपारा विधायक राम निवास वर्मा को नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन पर आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। रेलवे द्वारा भेजे गए पत्र के अनुसार, केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव 31 अगस्त को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बहराइच-नेपालगंज रोड ब्रॉडगेज रेल लाइन का उद्घाटन करेंगे। इसी अवसर पर वाराणसी-नेपालगंज रोड और गोंडा-नेपालगंज रोड के बीच मेमू ट्रेनों का संचालन भी शुरू होगा। इस नई रेल सेवा से नेपालगंज रोड, बाबागंज, नानपारा, मटेरा, रिसिया और बहराइच के यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। वाराणसी और गोंडा से सीधी रेल सुविधा जुड़ने से सीमावर्ती क्षेत्र में आवागमन और व्यापार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के आमंत्रण पत्र में बताया गया है कि नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन पर सोमवार, 31 अगस्त को दोपहर 1:30 बजे उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। विधायक राम निवास वर्मा से इस कार्यक्रम में उपस्थित रहने का अनुरोध किया गया है। रेल सेवा शुरू होने को लेकर नानपारा सहित सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों में काफी उत्साह है। यात्री लंबे समय से आमान परिवर्तन और विद्युतीकरण के बाद ट्रेनों के नियमित संचालन का इंतजार कर रहे थे, जिससे अब उन्हें वाराणसी, गोंडा और नेपाल सीमा की ओर आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।



























