
बलरामपुर के उतरौला में शनिवार को ई-रिक्शा चार्ज करते समय करंट लगने से एक 55 वर्षीय अधेड़ चालक की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर परिजनों को सौंप दिया है। मृतक की पहचान गांधीनगर पानी टंकी के पास निवासी कुन्नू (55) पुत्र निसार के रूप में हुई है। घटना शनिवार सुबह लगभग नौ बजे आर्यनगर स्थित कांशीराम कॉलोनी में हुई, जब कुन्नू अपना बैटरी रिक्शा चार्ज करने के लिए प्लग में तार लगा रहा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तार शरीर से स्पर्श होने के कारण उसे करंट लगा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वह काफी देर तक उसी अवस्था में कमरे में पड़ा रहा। घटना के समय उसकी वृद्ध मां दूसरे कमरे में थी, जिसे घटना की जानकारी काफी देर बाद हो पाई। घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्रीय लेखपाल अखिलेश वर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने वस्तुस्थिति की रिपोर्ट बनाकर तहसीलदार को सौंपने की बात कही है।



























