
जरवा थाना क्षेत्र के चैनपुर गांव में एक चाय दुकानदार की सांप के काटने से मौत हो गई। मृतक छठी राम (पुत्र घिर्रे) पहलवानपुर तिराहे पर चाय की दुकान चलाकर अपने बड़े परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी असामयिक मृत्यु से परिवार पर रोजी-रोटी का गंभीर संकट आ गया है। यह घटना बीते शाम करीब 6 बजे की है। छठी राम अपनी दुकान के पीछे लघुशंका के लिए गए थे, तभी झाड़ियों में छिपे एक विषैले सांप ने उन्हें काट लिया। कुछ ही देर में उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत एक निजी वाहन से तुलसीपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला मुख्यालय पर इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। मृतक छठी राम के परिवार में उनकी पत्नी मायावती के साथ सात नाबालिग बेटियां और दो छोटे बेटे हैं। परिवार में छठी राम ही एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनकी मृत्यु के बाद बच्चों की परवरिश, शिक्षा और परिवार के भरण-पोषण का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को आपदा राहत कोष से आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है। उन्होंने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और विधवा पेंशन जैसी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी दिलाने का आग्रह किया है। ग्राम प्रधान ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि परिवार की हर संभव मदद की जाएगी और प्रशासन से योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा। गौरतलब है कि लगभग दो सप्ताह पहले पास के गांव गवा भगवानपुर में भी एक महिला की सांप के काटने से मौत हो गई थी। क्षेत्र में लगातार हो रही सर्पदंश की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है।



























