
अखिल भारतीय जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ के कहने पर देशभर के बेसिक शिक्षक 5 सितंबर को शिक्षक दिवस पर विरोध करेंगे। वे शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) की अनिवार्यता खत्म करने की मांग को लेकर काली पट्टी बांधकर पढ़ाएंगे। शिक्षकों की मांग है कि केंद्र सरकार इस बारे में अध्यादेश लाए। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ, श्रावस्ती की जिला कार्यसमिति ने इस फैसले का समर्थन किया है। जिले भर में इस आंदोलन को सफल बनाने की तैयारी हो गई है। संघ के जिलाध्यक्ष राम नरेश यादव और जिला महामंत्री मुनव्वर मिर्ज़ा ने सभी पदाधिकारियों और ब्लॉक अध्यक्षों को पत्र जारी कर निर्देश दिए हैं। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि टीईटी की अनिवार्यता के विरोध में यह शिक्षकों के संघर्ष का पहला चरण है। 5 सितंबर को जिले का हर बेसिक शिक्षक हाथ पर काली पट्टी बांधकर केंद्र सरकार तक अपनी बात पहुंचाएगा। संघ ने सभी शिक्षकों से अपील की है कि वे इस शांतिपूर्ण विरोध की तस्वीरें और खबरें सोशल मीडिया पर शेयर करें। इससे शिक्षकों की एकजुटता और मांग केंद्र सरकार तक मजबूती से पहुंच सकेगी। इस फैसले की घोषणा के दौरान जिला कोषाध्यक्ष अशोक कुमार पाठक और जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष संतोष कुमार सोनी समेत संगठन के कई बड़े पदाधिकारी मौजूद थे।
































