
बहराइच के मोतीपुर ब्लॉक बल्हा में खराब बिजली व्यवस्था के खिलाफ चल रहे अनिश्चितकालीन धरने को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने पूरा समर्थन दिया है। बुधवार को भाकियू टिकैत के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में किसान धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने धरने पर बैठे लोगों के साथ मिलकर बिजली व्यवस्था सुधारने की मांग उठाई। धरना स्थल पर भाकियू टिकैत के बहराइच जिलाध्यक्ष राम छब्बी यादव और श्रावस्ती जिलाध्यक्ष अजय चौधरी मौजूद थे। इनके साथ ही जिले की कार्यकारिणी के पदाधिकारी और कई किसान भी वहां पहुंचे। सभी ने धरने को समर्थन देते हुए कहा कि इलाके के लोग लंबे समय से बिजली की समस्या से परेशान हैं। बार-बार बिजली कटौती, अनियमित सप्लाई और दूसरी समस्याओं के कारण किसानों के साथ-साथ आम लोगों को भी दिक्कत हो रही है। इस दौरान सिख संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भी धरना स्थल पर पहुंचकर इस आंदोलन को अपना समर्थन दिया। किसान नेताओं ने साफ किया कि बिजली व्यवस्था में सुधार होने तक यह आंदोलन जारी रहेगा। भाकियू टिकैत के जिला उपाध्यक्ष शेख शाहनवाज हुसैन ने कहा कि क्षेत्र की बिजली व्यवस्था बहुत खराब है, जिससे किसान और आम जनता प्रभावित हैं। उन्होंने कहा कि जब तक बिजली व्यवस्था ठीक नहीं होती, तब तक धरना-प्रदर्शन चलता रहेगा। किसान यूनियन के मिहींपुरवा तहसील प्रभारी सरदार जितेंद्र सिंह विर्क ने कहा कि किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान जरूरी है। उन्होंने प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की कि इलाके की बिजली व्यवस्था को जल्द से जल्द ठीक कर स्थायी हल निकाला जाए। भाकियू नेताओं ने बताया कि जनहित की मांगें पूरी होने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। जरूरत पड़ने पर आंदोलन को और बड़ा किया जाएगा।






























