
महबूबनगर जिले में कई दिनों से डर का कारण बने बाघ को वन विभाग की टीम ने पकड़ लिया है। पिंजरा लगाकर बाघ को कैद किया गया, जिसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। मिली जानकारी के मुताबिक, इसी बाघ ने बीते दिन एक व्यक्ति पर हमला कर उसकी जान ले ली थी। इसके बाद पूरे इलाके में डर का माहौल बन गया था। ग्रामीणों की लगातार शिकायतों और बढ़ती चिंता के बाद वन विभाग ने एक अभियान चलाया। दरोगा रविंद्र राव और विट इंचार्ज कपिल की अगुवाई में वन विभाग की टीम ने जंगल से सटे इलाके में पिंजरा लगाया। कई घंटों की निगरानी और कोशिशों के बाद बाघ पिंजरे में फंस गया। अंकित और संवर्धन ने बताया कि बाघ के पकड़े जाने से ग्रामीणों में खुशी और राहत है। पिछले कई दिनों से लोग घरों से बाहर निकलने में भी डर रहे थे। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बाघ की मेडिकल जांच कराई जाएगी। इसके बाद नियमों के मुताबिक उसे सुरक्षित वन क्षेत्र या चिड़ियाघर में भेजा जाएगा। ग्रामीणों ने वन विभाग की टीम की तारीफ करते हुए अभियान में शामिल सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का धन्यवाद दिया है।






























