Home उत्तर प्रदेश सल्टौआ गोपालपुर में विवाहिता का शव फंदे से लटकता मिला:सोनहा थाना क्षेत्र...

सल्टौआ गोपालपुर में विवाहिता का शव फंदे से लटकता मिला:सोनहा थाना क्षेत्र में फैली सनसनी, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा

0
5


बस्ती के सोनहा थाना क्षेत्र के सल्टौआ गोपालपुर में बुधवार सुबह एक विवाहिता का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की और जरूरी सबूत जमा किए। मृतका की पहचान 35 साल की सरोज जायसवाल के रूप में हुई है। वह रविप्रकाश जायसवाल की पत्नी थीं। परिवार के लोगों ने बताया कि सरोज की मानसिक हालत ठीक नहीं थी। पिछले करीब दो महीने से उनका इलाज चल रहा था। घटना के समय परिवार के बाकी सदस्य घर के पास बने मंदिर में पूजा करने गए थे। जब वे घर लौटे, तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। किसी अनहोनी की आशंका होने पर दरवाजा खोला गया। अंदर सरोज फंदे से लटकी मिलीं। परिवार वाले तुरंत उन्हें पीएचसी सल्टौआ ले गए। वहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत देखकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने सरोज को मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, सरोज की शादी साल 2017 में हुई थी। उनके तीन बच्चे हैं। घटना के समय उनके पति रविप्रकाश कुशीनगर जिले में 108 एंबुलेंस सेवा में तकनीशियन के तौर पर काम कर रहे थे। थानाध्यक्ष महेश सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में यह मामला फंदे से लटकने का लग रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना की खबर मिलने पर सरोज के मायके वाले भी मौके पर पहुंच गए। इस मामले को लेकर इलाके में तरह-तरह की बातें हो रही हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here