Home उत्तर प्रदेश जमीन विवाद में दो महिलाओं की पिटाई:महाराजगंज के पनियरा में लाठी-डंडों से...

जमीन विवाद में दो महिलाओं की पिटाई:महाराजगंज के पनियरा में लाठी-डंडों से हमला, गर्भवती को चोट लगने पर जिला अस्पताल रेफर

0
6


महाराजगंज के पनियरा थाना क्षेत्र के गिरगिटिया साधु टोला में जमीन के पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। आरोप है कि लाठी-डंडों से हमला कर दो महिलाओं को घायल कर दिया गया। इनमें एक महिला तीन महीने की गर्भवती है, जिसे पेट में चोट लगने और खून बहने की शिकायत के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पीड़ित राम केवल ने पनियरा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने गांव के कुछ लोगों पर मारपीट और उनकी जमीन से जबरन रास्ता निकालने का आरोप लगाया है। राम केवल के मुताबिक, उनकी जमीन के बगल में वर्षों से एक सार्वजनिक रास्ता था, जिस पर ग्राम प्रधान ने खड़ंजा भी लगवाया था। आरोप है कि गांव के रामाज्ञा निषाद ने उस खड़ंजे को हटाकर वहां अपने शौचालय का निर्माण करा लिया। पीड़ित का आरोप है कि बुधवार रात रामाज्ञा निषाद अपने बेटों और गोविंदा, राजू, गोपाल के साथ पहुंचे। उन्होंने राम केवल की जमीन पर बनी पुरानी दीवार को भी गिरा दिया। विपक्षी उनकी निजी जमीन से रास्ता निकालने की जिद पर अड़े थे। गुरुवार शाम इसी विवाद को लेकर मामला और बढ़ गया। आरोप है कि विपक्षी पक्ष के लोगों ने राम केवल के घर की महिलाओं संजू और प्रमिला पर हमला कर दिया। मारपीट में दोनों महिलाओं के सिर, हाथ, पैर और शरीर के दूसरे हिस्सों में चोटें आईं। घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों घायल महिलाओं को अपने वाहन से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पनियरा पहुंचाया, जहां उनका इलाज किया गया। प्रमिला पत्नी धर्मेंद्र ने बताया कि वह करीब तीन महीने की गर्भवती हैं। मारपीट के दौरान उनके पेट पर लात मारी गई, जिसके बाद उन्हें खून बहने लगा। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद प्रमिला की हालत देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पनियरा के थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here