
कृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर शुक्रवार को मिठौरा क्षेत्र के पिपरा सोनाड़ी गांव में मटकी फोड़ कार्यक्रम हुआ। इसमें आसपास के गांवों के साथ ही कई जगहों से आए खिलाड़ियों ने उत्साह से हिस्सा लिया। इस प्रतियोगिता को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हुए थे। कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों ने ऊंचाई पर बंधी मटकी को फोड़ने के लिए इंसानी पिरामिड बनाया। मटकी तक पहुंचने के लिए खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। कई कोशिशों के बाद खिलाड़ियों ने मटकी फोड़कर अपनी टीम का उत्साह और खेल भावना दिखाई। मटकी फूटते ही कार्यक्रम स्थल तालियों और जयकारों से गूंज उठा। जन्माष्टमी पर हुए इस कार्यक्रम में गांव के बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आयोजकों ने बताया कि ऐसे आयोजनों से धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा मिलता है। साथ ही, युवाओं में आपसी सहयोग, भाईचारा और खेल भावना बढ़ती है। कार्यक्रम में मन्तोष विश्वकर्मा, बबलू पाण्डेय, अविनाश कुमार, मनीष पाण्डेय, अनीश और राहुल समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। ग्रामीणों के सहयोग से यह कार्यक्रम शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में पूरा हुआ।
































