Home उत्तर प्रदेश सोनौली सीमा पर निर्माणाधीन परियोजनाओं की धीमी गति पर मंडलायुक्त:विकास परियोजनाओं का...

सोनौली सीमा पर निर्माणाधीन परियोजनाओं की धीमी गति पर मंडलायुक्त:विकास परियोजनाओं का किया निरीक्षण, समीक्षा कर लापरवाही पर 10% कास्ट करेक्शन की कटौती के दिए निर्देश

0
2


महराजगंज के भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र सोनौली में मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह और पुलिस उपमहानिरीक्षक एस. चनप्पा ने निर्माणाधीन विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने इंटीग्रेटेड चेकपोस्ट, बहुउद्देशीय हब मुडिला, सीएम मॉडल स्कूल और पुलिस फायर स्टेशन मुडिला-छपवा का जायजा लेकर प्रगति की जानकारी ली। इंटीग्रेटेड चेकपोस्ट के निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। निर्धारित समयसीमा में काम पूरा नहीं होने की स्थिति में संबंधित ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही 10 प्रतिशत कॉस्ट करेक्शन की कटौती के निर्देश भी दिए। इसके बाद अधिकारियों ने एसएसबी सीमा चौकी पर एसएसबी, पुलिस, कस्टम, इमीग्रेशन और खुफिया विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। सीमा क्षेत्र की व्यवस्थाओं और सुरक्षा से जुड़े विषयों की जानकारी ली गई। मंडलायुक्त ने अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने और प्रभावी निगरानी के निर्देश दिए। नौतनवा के मुडिला-छपवा में निर्माणाधीन पुलिस फायर स्टेशन का भी निरीक्षण किया गया। परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने जिलाधिकारी को संबंधित कार्यदायी संस्था के प्रबंध निदेशक और शासन को पत्र भेजकर स्थिति से अवगत कराने के निर्देश दिए। बहुउद्देशीय हॉल और सीएम मॉडल स्कूल के निर्माण कार्य की भी समीक्षा की गई। धीमी प्रगति वाले कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। विद्यालय निर्माण की प्रगति को लेकर सहायक अभियंता के संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। मंडलायुक्त ने नेपाल में आई आपदा की स्थिति की भी जानकारी ली। उन्होंने बताया कि भारत सरकार की ओर से नेपाल के लिए आवश्यक सामग्री भेजी गई है और विदेश मंत्रालय के स्तर पर समन्वय किया जा रहा है। नेपाल के कुछ नागरिकों के शव भारतीय क्षेत्र में मिलने के बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें नेपाल के अधिकारियों को सौंपे जाने की जानकारी भी दी गई। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल, पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी, अपर उपजिलाधिकारी विजय यादव समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here