
शनिवार को घाघरा नदी का जलस्तर 106.34 मीटर दर्ज किया गया। यह खतरे के निशान से 23 सेंटीमीटर ऊपर है। गिरजापुरी बैराज से 3,57,899 क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद नदी का डिस्चार्ज तेजी से बढ़ा है। इससे तटीय इलाकों में चिंता बढ़ गई है। बाढ़ के पानी ने महसी तहसील के कई गांवों को अपनी चपेट में ले लिया है। इनमें पूरे प्रसाद सिंह के टंचपुरवा, जोधेपुरवा और महंतपुरवा शामिल हैं। इन गांवों के रिहायशी इलाकों और रास्तों पर कई फीट पानी भर गया है। प्रभावित क्षेत्रों में दो नावें लगाई गई हैं। इनकी मदद से ग्रामीण रोजमर्रा का सामान और पशुओं के लिए चारा ला रहे हैं। हालात का जायजा लेने के लिए नायब राजेश श्रीवास्तव ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। उन्होंने बताया कि पानी भरा है, लेकिन स्थिति नियंत्रण में है। एसडीएम राजेश कुमार अग्रवाल ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। राहत और बचाव कार्यों के लिए राजस्व टीमें मौके पर मौजूद हैं।
































