
नवाबगंज, बहराइच। नवाबगंज क्षेत्र के कई स्कूलों में शनिवार को शिक्षक दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की गई। छात्र-छात्राओं ने अपने गुरुजनों का सम्मान किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। कई स्कूलों में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। नवाबगंज के उच्च प्राथमिक विद्यालय, प्राथमिक विद्यालय सेकेंड नवाबगंज, प्राथमिक विद्यालय प्रथम नवाबगंज, प्राथमिक विद्यालय डोढे़ गांव, प्राथमिक विद्यालय हरिहरपुर और प्राथमिक विद्यालय नंदा गांव समेत कई परिषदीय स्कूलों में यह पर्व मनाया गया। शिक्षक नफीस अहमद ने बताया कि 5 सितंबर को देश के दूसरे राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर शिक्षक दिवस मनाते हैं। डॉ. राधाकृष्णन का जन्म 5 सितंबर 1888 को तमिलनाडु में हुआ था। वे एक जाने-माने शिक्षाविद्, दार्शनिक और भारतीय संस्कृति के समर्थक थे। शिक्षा और दर्शन में उनके योगदान के लिए उन्हें भारत सरकार ने देश के सबसे बड़े नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से नवाजा था। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षक समाज और देश को बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं। इस मौके पर प्रधानाध्यापिका ज्ञानवती, सालमा बेगम, राम सिंह यादव, रशीद अहमद, मंसूर अहमद, रूपेश चंद्र पाल, फकरु सईद और वकील अहमद समेत कई लोग मौजूद थे।
































