डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई के एक अस्पताल से हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। यहां एक बुजुर्ग व्यक्ति को पैर में प्लास्टर बंधे सीढ़ियों पर घिसटते हुए ऊपर जाते देखा जा सकता है।
अस्पताल में ऐसा इसलिए हुआ, क्योंकि इस अस्पताल में जो लिफ्ट लगी है, वो करीब 40 साल पुरानी है और कई महीनों से खराब पड़ी है। यह अस्पताल बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के अंतर्गत आता है, जो देश का सबसे अमीर नगर निकाय है।
KEM अस्पताल का वीडियो वायरल
मुंबई के किंग एडवर्ड मेमोरियल (KEM) अस्पताल से एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में 78 साल के बुजुर्ग व्यक्ति को अस्पताल की सीढ़ियों पर घिसटते देखा जा सकता है।
मरीज के दाहिने पैर पर प्लास्टर लगा है और वह खुद को पीछे की तरफ खींचते हुए सीढ़ियां चढ़ रहा है। बुजुर्ग व्यक्ति का ये वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
वीडियो सामने आने और सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद, बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
अस्पताल को नोटिस जारी
जांच में यह देखा जाएगा कि मरीजों की देखभाल में कहां चूक हुई और अस्पताल की ऑर्थोपेडिक बिल्डिंग में मौजूद इकलौती लिफ्ट को बदलने के लिए बंद किए जाने के बाद क्या वैकल्पिक इंतजाम किए गए थे।
अधिकारियों ने बताया कि 10 दिनों के भीतर एक तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगी गई है और संबंधित अस्पताल इकाई के प्रमुख को नोटिस जारी किया गया है।
इस वायरल वीडियो ने लिफ्ट खराब होने के बाद बुजुर्ग और घायल मरीजों को हो रही परेशानियों की ओर ध्यान खींचा है। BMC का कहना है कि ऑर्थोपेडिक बिल्डिंग की लिफ्ट लगभग 39 साल पुरानी थी। बार-बार खराब होने और पुरानी हो जाने के कारण, इसका इस्तेमाल करना खतरनाक हो सकता था, जिससे कोई हादसा हो सकता था।
बताया जा रहा है कि यह लिफ्ट अगस्त से ही खराब पड़ी है, जबकि इसे बदलने के लिए फरवरी 2023 में ही परचेज ऑर्डर जारी कर दिया गया था।
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि इसमें देरी इसलिए हुई क्योंकि भर्ती मरीजों को, खासकर जिन्हें चलने-फिरने में दिक्कत है, उन्हें दूसरी जगह शिफ्ट करने में मुश्किलें आ रही थी। लिफ्ट शाफ्ट को बदलने और उसकी मरम्मत का काम अस्पताल के सिविल इंजीनियरिंग विभाग द्वारा किया जा रहा है।
बीएमसी के अनुसार, ऑर्थोपेडिक्स विभाग के प्रमुख ने सुरक्षा के लिहाज से एक सर्कुलर जारी किया था। इसमें कहा गया था कि जब तक लिफ्ट बंद है, तब तक ऐसे मरीजों को ऑर्थोपेडिक्स बिल्डिंग में भर्ती न किया जाए जो खुद चल-फिर नहीं सकते। इसके बजाय, उन्हें अस्पताल की बहुमंजिला इमारत में रखा जाना था।
