
बस्ती जिले के नगर थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। फुटहिया चौकी के बसहवा ओवरब्रिज के पश्चिमी छोर पर शनिवार तड़के करीब चार बजे अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। पुलिस ने युवक की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन खबर लिखे जाने तक उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई थी। हादसे की सूचना मिलते ही फुटहिया चौकी प्रभारी शैलेष कुमार यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। युवक के बारे में जानकारी जुटाने के लिए नगर थाने की सीसीटी टीम प्रभारी को भी बुलाया गया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और युवक की पहचान कराने का प्रयास किया। हालांकि, उसके पास कोई दस्तावेज या सामान नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके। पुलिस के मुताबिक, युवक मानसिक रूप से विक्षिप्त लग रहा है। उसके पास मिले झोले की तलाशी लेने पर कुछ पुराने कपड़े मिले। इसके अलावा कोई पहचान पत्र, मोबाइल फोन या ऐसा कोई सामान नहीं मिला, जिससे उसके परिवार या घर का पता लगाया जा सके। पुलिस ने घटनास्थल पर जरूरी कार्रवाई के बाद शव को शव बैग में रखकर मर्चरी हाउस भेज दिया। पुलिस आसपास के गांवों और इलाकों में युवक के बारे में जानकारी जुटा रही है। साथ ही अज्ञात वाहन का पता लगाने के लिए भी जांच की जा रही है। फुटहिया चौकी प्रभारी शैलेष कुमार यादव ने बताया कि युवक की पहचान कराने की कोशिशें जारी हैं। शव को सुरक्षित रखवाया गया है। पुलिस हादसे के कारणों और अज्ञात वाहन की पहचान के संबंध में जानकारी जुटा रही है।































