
महराजगंज के कोठीभार थाना क्षेत्र के लोहेपार गांव में मामूली विवाद में हुई मारपीट में घायल युवक सोनू यादव की शुक्रवार देर शाम गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। जानकारी के मुताबिक, यह विवाद बारिश के पानी के छीटा पड़ने को लेकर प्रदीप और प्रेम यादव के परिजनों के बीच हुआ था। मारपीट में सोनू बुरी तरह घायल हो गया था। परिजन उसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा ले गए। वहां से उसे जिला अस्पताल और फिर गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया था। इलाज के दौरान ही उसकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार वर्मा के मुताबिक, दोनों पक्षों के मुकेश, हरीलाल, कृष्णा, रामकरन, राम आशीष, प्रदीप, गुलशन और लालू के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
































