बस्ती। मांगें पूरी नहीं होने से नाराज लेखपाल शनिवार को काली पट्टी बांधकर थाना समाधान दिवस में पहुंचे। ऑनलाइन कार्यों का विरोध करते हुए हक की मांग की। कहा कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। लेखपालों के कार्य बहिष्कार से बस्ती सदर, हर्रैया, भानपुर और रुधौली तहसीलों में आय, जाति, निवास प्रमाणपत्रों के बड़ी संख्या में आवेदन लंबित हैं। इससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
सदर तहसील क्षेत्र के लेखपाल कोतवाली, पुरानी बस्ती थाना में विरोध जताया। अध्यक्ष महेंद्र यादव की अगुवाई में लेखपाल काला फीता बांधकर विरोध किए। अध्यक्ष ने कहा कि ऑनलाइन कार्य नहीं किया जाएगा। ऑफलाइन कार्य ही मूल हल्के का किया जा रहा है। इससे बड़ी संख्या में आवेदन लटके हैं। राजस्व से जुड़े मामलों की भी सुनवाई नहीं हुई। बताया कि अन्य थानों में समाधान दिवस में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के पदाधिकारियों-सदस्यों ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताया।
चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो 17 अक्तूबर से प्रदेश भर में संपूर्ण कार्य बहिष्कार किया जाएगा। इससे पहले लेखपाल ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार शुरू कर चुके हैं। मंत्री देवेंद्र कुमार ने कहा कि लेखपालों से राजस्व प्रशासन के साथ विभिन्न विभागों के काम भी कराए जा रहे हैं, लेकिन इसके अनुरूप वेतनमान व सुविधाओं में सुधार नहीं हुआ है।
जिला मंत्री अंकित चौधरी ने कहा कि संघ ने 28 सौ रुपये ग्रेड पे, वेतन विसंगति दूर करने, आठ साल से लंबित अंतर्मंडलीय तबादलों का रास्ता साफ करने और चयन वर्ष 2025-26 की पदोन्नति सूची जारी करने का मुद्दा उठाया है। नए लेखपालों की विभागीय परीक्षा का परिणाम घोषित करने व प्रशिक्षण प्रमाणपत्र जारी करने पर जोर दिया। लेखपाल संघ ने स्टेशनरी भत्ता एक सौ से बढ़ाकर पांच सौ रुपये, वाहन भत्ता 15 सौ रुपये और विशेष भत्ता एक सौ से बढ़ाकर एक हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग रखी। लेखपालों ने भूलेख कार्यालयों व विभिन्न पटलों पर संबद्ध लेखपालों को तत्काल कार्यमुक्त करने, ग्राम सचिवालयों में संसाधन व सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने तथा लेखपाल पद को तकनीकी घोषित कर लैपटॉप व मोबाइल देने की मांग भी उठाई। संगठन के अनुसार करीब 13 हजार से अधिक आवेदन अटके हुए हैं।
“खबर वही, जो सबसे पहले आप तक पहुँचे!
भारत की अपनी खबर, आपके अपने अंदाज़ में
📲 ब्रेकिंग • लोकल • ट्रेंडिंग खबरों के लिए अभी जुड़ें:
👉 https://t.co/g7ivX40QAK“आपकी खबर, आपका MNT”
https://t.co/vwEVHjJMzQ https://t.co/z3JMz4j0Td
— Mnt News Bharat (@mntnewsbharat) October 5, 2026












