
श्रीदत्तगंज विकासखंड में निरंजनपुर से गालिबपुर को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग खराब हालत में है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों में बारिश का पानी भर गया है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों का आना-जाना खतरनाक हो गया है। पानी से भरे गड्ढों के कारण वाहन चालक उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लगा पाते। इस वजह से आए दिन दोपहिया वाहन सवार फिसलकर घायल हो रहे हैं। यह मार्ग निरंजनपुर, गालिबपुर और आसपास के कई गांवों के लोगों के लिए मुख्य रास्ता है। हर दिन बड़ी संख्या में ग्रामीण, छात्र-छात्राएं और किसान इसी रास्ते से गुजरते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय बाद सड़क की मरम्मत हुई थी, लेकिन इसके बावजूद सड़क के हालात नहीं सुधरे और यह फिर से गड्ढों में बदल गई, जिससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है। राहगीरों राम सुमरन, नियाज़, इमरान और गुल्लू ने बताया कि बरसात में सड़क पर बने गहरे गड्ढे तालाब जैसे दिखते हैं। ऐसे में वाहन चालकों को गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पाता और कई लोग गिरकर घायल हो चुके हैं। ग्रामीणों ने विभाग से सड़क की जल्द मरम्मत कर गड्ढों को भरवाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते सड़क ठीक नहीं कराई गई, तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।































