
बस्ती के सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रामबाग में 37वीं क्षेत्रीय कबड्डी और बैडमिंटन प्रतियोगिता का शनिवार को उद्घाटन हुआ। विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र ने इसका आयोजन किया है। यह प्रतियोगिता 5 से 7 सितंबर तक चलेगी। इसमें अलग-अलग स्कूलों से 331 खिलाड़ी, 25 संरक्षक आचार्य और 23 निर्णायक हिस्सा ले रहे हैं। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की तस्वीर के सामने दीप जलाकर, फूल चढ़ाकर और सरस्वती वंदना से हुई। विद्यालय के प्रधानाचार्य गोविंद सिंह ने मेहमानों का परिचय कराया। मेहमानों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। समारोह गान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने माहौल को खुशनुमा बना दिया। मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने प्रतियोगिता के उद्घाटन का ऐलान किया। हिंदी आचार्य वायु नंदन मिश्रा के मंत्र पाठ और शंख बजाने के साथ प्रतियोगिता विधिवत रूप से शुरू हुई। खिलाड़ियों को खेल भावना और अनुशासन की शपथ दिलाई गई। विशिष्ट अतिथि विद्या भारती के क्षेत्रीय संगठन मंत्री हेमचंद्र जी ने शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेलकूद से विद्यार्थी अनुशासित, आत्मविश्वासी और संघर्षशील बनते हैं। खेल से विद्यार्थियों में नेतृत्व, सहयोग और टीम भावना बढ़ती है। एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने कहा कि “खेल से स्वास्थ्य, स्वास्थ्य से संस्कार और संस्कार से राष्ट्र निर्माण होता है।” उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से खेलों में हिस्सा लेकर शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनने के लिए प्रेरित किया। क्षेत्रीय खेलकूद प्रमुख जगदीश सिंह ने खेल से जुड़ी जानकारी दी। गोरक्ष प्रांत के प्रदेश निरीक्षक राम सिंह ने खिलाड़ियों और संरक्षक आचार्यों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ आचार्य आशीष सिंह ने किया। प्रबंधक डॉ. सुरेंद्र प्रताप सिंह ने सभी का आभार जताया। इस मौके पर विभाग प्रचारक ऋषि जी, बालिका विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रियंका सिंह, सरस्वती शिशु मंदिर रामबाग के प्रधानाचार्य प्रमोद श्रीवास्तव और जिला प्रचारक सर्वेन्द्र जी मौजूद रहे। विद्यालय प्रबंधन समिति के पदाधिकारी अरविंद त्रिपाठी और राजेश मिश्र भी उपस्थित थे। इनके साथ ही आचार्य, खेल प्रशिक्षक, निर्णायक, खिलाड़ी और विद्यालय परिवार के सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
Home उत्तर प्रदेश बस्ती में 37वीं क्षेत्रीय कबड्डी-बैडमिंटन प्रतियोगिता का उद्घाटन:एसपी बोले- खेल से स्वास्थ्य...
































