
महराजगंज के खेम पिपरा नहर पुल चौराहे के पास पुल की सड़क टूटी हुई है और बारिश का पानी जमा रहता है। इससे राहगीरों को रोज आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खेमपिपरा से जाने वाली सड़क पूरी तरह खराब हो चुकी है। इस वजह से दोपहिया वाहन चलाने वालों और पैदल चलने वालों को निकलने में दिक्कत होती है। बारिश के दिनों में यह समस्या और भी गंभीर हो जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि पुल पर पानी निकलने का सही इंतजाम नहीं है, जिसके कारण बारिश का पानी लंबे समय तक जमा रहता है। पानी और खराब सड़क की वजह से वाहन चालकों को बहुत संभलकर निकलना पड़ता है। रात के समय रोशनी की कमी से हादसे का डर और बढ़ जाता है। ग्रामीणों के अनुसार, यह पुल काफी पुराना हो चुका है और इसकी सड़क लगातार खराब होती जा रही है। कई बार इस समस्या की तरफ ध्यान दिलाया गया है, लेकिन अब तक कोई पक्का हल नहीं निकला है। ग्रामीण गोरख मद्धेशिया, सुग्रीव, नाथ मद्धेशिया, बाबूराम और संतोष ने विभाग और प्रशासन से पुल का निरीक्षण कराने की मांग की है। उन्होंने टूटी हुई सड़क की मरम्मत कराने और पानी निकासी का सही इंतजाम करने को कहा है। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचने के लिए पुल की स्थिति को देखते हुए जल्द कार्रवाई जरूरी है। साथ ही पुल को दोबारा बनाने पर भी विचार करने की मांग की गई है।































