Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home देश ‘दोहरा मापदंड क्यों?’, दिलजीत दोसांझ ने अपने गानों पर रोक लगाने को...

‘दोहरा मापदंड क्यों?’, दिलजीत दोसांझ ने अपने गानों पर रोक लगाने को लेकर उठाए सवाल

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ ने अपने गानों पर रोक लगाने को लेकर सवाल खड़े किए हैं और इसे दोहरा मापदंड बताया। दिलजीत ने कोल्डप्ले का उदाहरण देते हुए पूछा कि अगर विदेशी कलाकारों को बिना किसी रोक-टोक के गाने की अनुमति दी जाती है तो उनके गानों पर आपत्ति क्यों की जाती है?

दिलजीत ने शनिवार को अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में अपने ‘ आरा इंडिया टूर 2026’ के तहत परफॉर्म किया। उनके कंसर्ट से पहले अहमदाबाद की जिला बाल संरक्षण इकाई (डीसीपीयू) ने कुछ गानों को लेकर प्रतिबंध लगाने का अनुरोध किया था। इन गानों के बोल में कथित तौर पर शराब, नशे और हथियारों की संस्कृति को बढ़ावा देने की बात कही गई थी।

दिलजीत ने अपने गानों पर रोक को दोहरा मापदंड बताया

दिलजीत ने 2025 में इसी स्टेडियम में हुए कोल्डप्ले के शो का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बैंड ने ‘हिम्न फार द वीकेंड’ गाना गाया जिसमें ‘आइ एम फीलिंग ड्रंक एंड हाई’ (मुझे नशा और खुमारी महसूस हो रही है।) जैसे बोल थे, लेकिन उस समय किसी ने सवाल नहीं उठाया तो मेरे गानों के बोलों को लेकर ही आपत्ति क्यों होती है।’

ये दोहरे मापदंड क्यों? विदेश से कोई कलाकार आकर गाता है, तो किसी को दिक्कत नहीं होती। लेकिन लोगों को दिलजीत से दिक्कत है।’

दिलजीत ने इंस्टाग्राम हैंडल पर संगीत कार्यक्रम का वीडियो साझा किया। उन्होंने अपनी भारतीय पहचान का जिक्र करते हुए कहा कि उनका जन्म भारत में हुआ है, वह विदेश में पैदा नहीं हुए हैं। उनके साथ दुनियाभर में परफार्म करने वाले सभी संगीतकार भी भारतीय हैं।

हालांकि, दिलजीत ने यह भी स्पष्ट किया कि उन्हें अधिकारियों की ओर से लगाई गई पाबंदियों से कोई आपत्ति नहीं है।’ उनका सवाल विदेशी और भारतीय कलाकारों के साथ होने वाले अलग-अलग व्यवहार को लेकर है।’

शराब, नशे को बढ़ावा देने वाले गानों पर जताई आपत्ति

दिलजीत का इंडिया टूर 30 अक्टूबर को दिल्ली से शुरू हुआ था। अब उनका अगला शो 27 नवंबर को मुंबई, 29 नवंबर को बेंगलुरु और पांच दिसंबर को लखनऊ में होगा। इसके बाद 12 दिसंबर को चंडीगढ़ और 19 दिसंबर को कोलकाता में भी वह परफार्म करेंगे।

एएनआइ के अनुसार चंडीगढ़ के पोस्टग्रेजुएट गवर्नमेंट कालेज में समाजशास्त्र के एसोसिएट प्रोफेसर डा. पंडित राव धरेनवर ने मांग की कि दिलजीत ‘पटियाला पेग’, ‘पंज तारा’, ‘जे बिच्छू फीम लब्बिया’ और ‘जट्ट उत्थे फायर करदा’ बोल वाले गाने न गाएं।

धरेनवर ने यह भी चेतावनी दी कि अगर दिलजीत ने उन गानों को गाया, तो वह अवमानना याचिका लेकर गुजरात उच्च न्यायालय जाएंगे। धरेनवर ने कहा, ‘इन गानों के बोल शराब, नशीले पदार्थों और बंदूक संस्कृति को बढ़ावा देते हैं, जिसका बच्चों पर बुरा असर पड़ सकता है।’

(न्यूज एजेंसी ANI के इनपुट के साथ)