Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home उत्तर प्रदेश बिना निर्माण काम के सरकारी धन निकालने का आरोप:महराजगंज में ग्राम प्रधान,...

बिना निर्माण काम के सरकारी धन निकालने का आरोप:महराजगंज में ग्राम प्रधान, पंचायत अधिकारी के खिलाफ डीएम से शिकायत

महराजगंज जिले के भिटौली थाना क्षेत्र की सेमराराजा ग्रामसभा में विकास कार्यों के नाम पर सरकारी धन के फर्जी भुगतान का आरोप लगा है। गांव के रामऔतार चौधरी ने जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन को शिकायत देकर ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत अधिकारी पर बिना काम कराए धन निकालने का आरोप लगाया। उन्होंने जांच की मांग की है। शिकायत के मुताबिक, सुरेन्दर और त्रिभुवन के खेत के पास पानी निकासी के लिए होम पाइप और पुलिया बनाने के नाम पर राज्य वित्त से 1,88,382 रुपये का भुगतान दिखाया गया। विनय के घर के पास इसी काम के लिए 14 सितंबर 2026 को 1,50,483 रुपये निकाले गए। रामऔतार चौधरी का आरोप है कि दोनों जगह काम कराए बिना ही कागजों में निर्माण दिखाकर भुगतान लिया गया। उन्होंने 5 नवंबर 2026 को भी जिलाधिकारी को पत्र देकर जांच की मांग की थी। शिकायतकर्ता के मुताबिक, ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत अधिकारी को शिकायत की जानकारी मिलने के बाद 21 नवंबर 2026 को निर्माण काम शुरू कराया गया। रामऔतार चौधरी ने जिलाधिकारी से जांच टीम बनाकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। जिलाधिकारी ने जांच कराकर जरूरी कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने रामऔतार से एफिडेविट के जरिए पत्र देने को कहा। इस मौके पर रामऔतार, रवि शंकर, बृजनंदन चौधरी, भानु प्रताप सिंह, विनोद चौधरी और अन्य लोग मौजूद रहे।