Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home देश ‘जलवायु परिवर्तन भारत और नेपाल के लिए साझा चुनौती’, राष्ट्रपति मुर्मु ने...

‘जलवायु परिवर्तन भारत और नेपाल के लिए साझा चुनौती’, राष्ट्रपति मुर्मु ने साथ मिलकर काम करने पर दिया जोर

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोमवार को कहा कि जलवायु परिवर्तन भारत और नेपाल के लिए एक साझा चुनौती है। उन्होंने दोनों देशों को पूर्व चेतावनी प्रणालियों और आपदा प्रबंधन को मजबूत करने के लिए मिलकर काम करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

राष्ट्रपति भवन में नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के साथ बैठक में उन्होंने कहा कि दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंध साझा सभ्यतागत विरासत और गहरे आत्मीय रिश्तों पर आधारित हैं।

राष्ट्रपति ने नेपाल में भोटेकोशी में आई बाढ़ से हुई जनहानि पर शोक जताया और कहा कि इस कठिन समय में भारत हमेशा नेपाल के साथ खड़ा रहा है, तुरंत मानवीय सहायता और तकनीकी सहयोग प्रदान किया है।

उन्होंने कहा कि करीबी साझेदार के रूप में भारत, राहत और पुनर्निर्माण के प्रयासों में नेपाल का सहयोग जारी रखेगा। अगस्त में आई भोटेकोशी बाढ़ में कम से कम 1,500 लोगों की मौत हुई और 5,000 से अधिक लोग लापता हैं। इस आपदा से नेपाल को 4.70 अरब अमेरिकी डालर का नुकसान होने का अनुमान है।

प्रधानमंत्री शाह का स्वागत करते हुए राष्ट्रपति मुर्मु ने मार्च 2026 के चुनावों में उनकी सरकार को मिले मजबूत जनादेश पर बधाई दी। राष्ट्रपति ने विश्वास जताया कि यात्रा के दौरान घोषित संयुक्त दृष्टि दस्तावेज व्यापार, निवेश, बुनियादी ढांचे, विकास साझेदारी, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और नवाचार के क्षेत्रों में भविष्य के सहयोग को स्पष्ट दिशा देगा।

पीएम बालेन्द्र की भारत यात्रा से द्विपक्षीय संबंधों में सकारात्मक गति लौटी: विदेश मंत्री खनाल

काठमांडू से प्रेट्र के अनुसार, नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने कहा है कि प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की भारत यात्रा से द्विपक्षीय संबंधों में सकारात्मक गति लौटी है और दोनों पड़ोसी देशों के सदियों पुराने मैत्रीपूर्ण रिश्ते मजबूत हुए हैं।

त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मीडिया को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार ने नेपाल के राष्ट्रीय हितों को आगे बढ़ाने के लिए आर्थिक वृद्धि, विकास और समृद्धि को प्राथमिकता दी है।

उन्होंने कहा, ‘इस यात्रा का मकसद सदियों पुराने, घनिष्ठ, बहुआयामी और सहयोगपूर्ण संबंधों को और मजबूत करना था। साथ ही अपने मित्र पड़ोसी भारत के साथ लोगों के बीच संपर्क को भी बढ़ावा देना था।’

(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)