डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने एनसीपी (शरदचंद्र पवार) प्रमुख शरद पवार को लेकर बड़ा बयान दिया है, जिसने देश की राजनीति बाजार में हलचल तेज कर दी है।
केंद्रीय मंत्री अठावले ने दावा किया है कि अगर शरद पवार साल 2019 में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन में शामिल हो गए होते, तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2022 के राष्ट्रपति चुनाव में उनके नाम पर विचार कर सकते थे।
पवार को साथ आने का दिया था सुझाव- अठावले
समाचार एजेंसी IANS से बात करते हुए अठावले ने कहा कि उन्होंने खुद कई बार शरद पवार को मनाने की कोशिश की थी। उन्होंने बताया कि उन्होंने 2019 में शरद पवार से कई बार कहा था कि वे ‘कॉमन मिनिमम प्रोग्राम’ के आधार पर एनडीए के साथ आ जाएं। अठावले ने अपने बयान में इस बात पर जोर दिया कि 2014 से 2019 के बीच पीएम मोदी ने देश के विकास को नई रफ्तार दी थी।
मोदी ने पवार को माना था अपना आदर्श- अठावले
अपने बयान में केंद्रीय मंत्री ने याद दिलाया कि पीएम मोदी हमेशा से शरद पवार का बहुत सम्मान करते हैं। जब नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब वे कहा करते थे कि शरद पवार उनके आदर्श हैं। अठावले के मुताबिक, पीएम मोदी का लक्ष्य 2047 तक भारत को दुनिया की नंबर वन अर्थव्यवस्था बनाना है, इसलिए पवार को उनके साथ जुड़ जाना चाहिए था।
यूपी चुनाव में सपा-कांग्रेस गठबंधन पर संदेह
इसी दौरान केंद्रीय मंत्री अठावले ने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भी अपना रुख साफ किया। उन्होंने चुनावों में सीटों के बंटवारे पर बात करते हुए कहा कि सपा और कांग्रेस के बीच समझौता होना मुश्किल लगता है। उन्हें नहीं लगता कि समाजवादी पार्टी, कांग्रेस को ज्यादा सीटें देगी। ऐसे में मुमकिन है कि दोनों पार्टियां अलग-अलग चुनाव लड़ें।
पंजाब में भाजपा-अकाली दल गठबंधन से बढ़ेगी ताकत- अठावले
इसके साथ ही पंजाब चुनावों से पहले भाजपा और शिरोमणि अकाली दल (SAD) के फिर से साथ आने पर अठावले ने खुशी जताई। उन्होंने पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल के दौर को याद करते हुए कहा कि दोनों पार्टियों ने लंबे समय तक साथ मिलकर सरकार चलाई है और इस बार भी यह गठबंधन एनडीए को मजबूत करेगा।
इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि पंजाब की जनता नशे, युवाओं की बदहाली और किसानों के मुद्दों को लेकर मौजूदा आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार से बेहद नाराज है।

















