Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home देश कार्तिगई दीपम विवाद: तमिलनाडु में दीपक जलाने को लेकर क्यों छिड़ी जंग

कार्तिगई दीपम विवाद: तमिलनाडु में दीपक जलाने को लेकर क्यों छिड़ी जंग

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। तमिलनाडु के तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित ‘दीपाथून’ पत्थर के स्तंभ पर 24 नवंबर को पारंपरिक कार्तिगई दीपम नहीं जलाया गया।

सुप्रीम कोर्ट ने ऐसा करने का अंतरिम निर्देश दिया था, लेकिन निर्देश का पालन नहीं हुआ। सुप्रीम कोर्ट ने इसके लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया था, ताकि निर्देशों का सही तरीके से पलान हो सके, इसके बावजूद आदेश का पालन नहीं हुआ।

बुधवार को इस मामले में तमिलनाडु सरकार ने सुप्रीम कोर्ट से माफी मांगी। जिला कलेक्टर निशांत कृष्ण की स्टेटस रिपोर्ट में राज्य सरकार ने बताया कि मंदिर के बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज ने उस टीम को अनुमति नहीं दी, जिसे दीपाथून पर दीपक जालाने की रस्म पूरी करनी थी।

इसके बजाय उन्होंने पारंपरिक स्थान (उच्छी पिल्लयार मंदिर के पास) दीपा मंडपम पर ही दीपक जलाया। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि वह अपने आदेश का पालन न करने की अवमानना याचिका पर विचार करेगा और पक्षकारों से उचित आवेदन दाखिल करने को कहा।

क्या है दीपम विवाद?

यह विवाद सालों से चल रहा है। पूरा विवाद इस बात को लेकर है कि तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी की चोटी पर स्थित एक पत्थर के खंभे जिसे याचिका में ‘दीपाथून’ कहा गया है वहां दीपक जलाना चाहिए या नहीं?

24 नवंबर के समारोह और उसके बाद जिला प्रशासन की ओर से दी गई सफाई और अवमानना की कार्यवाही की मांग ने इस विवाद को एक बार फिर सुप्रीम कोर्ट के सामने ला खड़ा किया है।

कार्तिगई दीपम एक पारंपरिक तमिल हिंदू त्योहार है, जिसे घरों और मंदिरों में दीपक जलाकर मनाया जाता है। तिरुपरनकुंद्रम में विवाद इस बात को लेकर है कि इस वार्षिक त्योहार के दौरान मुख्य दीपक जिसे ‘महा दीपम’ कहा जाता है उसे कहां जलाया जाए?

दशकों से यह दीपक तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी की निचली ढलान पर स्थित उचि पिल्लयार मंदिर के पास ‘दीपा मंडपम’ में जलाया जाता रहा है।

हालांकि, हिंदू समूहों ने इसे ‘दीपाथून’ पर जलाने की अनुमति मांगी है। यह पहाड़ी पर कुछ और ऊंचाई पर स्थित एक पत्थर का खंभा है, जो हजरत सुल्तान सिकंदर बादशाह औलिया दरगाह से लगभग 50 मीटर की दूरी पर है।

यह असहमति केवल अनुष्ठान के स्थान तक ही सीमित नहीं है। इसमें पत्थर के खंभे की प्रकृति और पहाड़ी की चोटी के स्वामित्व और दर्जे को लेकर भी अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं।

जहां एक तरफ हिंदू समूह ‘दीपाथून’ को इस दीपक जलाने से जुड़ी एक प्राचीन संरचना बताता हैं, वहीं मुस्लिम पक्ष इसे एक ‘सर्वे स्टोन’ (सर्वेक्षण के लिए इस्तेमाल होने वाला पत्थर) मानता है। दरगाह समिति ने भी इस मांग का विरोध किया है और पहाड़ी की चोटी पर अपना स्वामित्व जताया है।

दिसंबर 2025 में मद्रास हाई कोर्ट के एक न्यायाधीश ने मंदिर प्रशासन को ‘दीपाथून’ पर दीपक जलाने का निर्देश दिया था। 6 जनवरी 2026 को दिए गए फैसले में हाई कोर्ट की एक खंडपीठ ने इस निर्देश को बरकरार रखा। इसके बाद राज्य सरकार ने हाई कोर्ट के इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी।

तमिलनाडु सरकार और मंदिर प्रशासन का कहना है कि पारंपरिक रूप से यह दीपक उचि पिल्लयार मंदिर के पास ‘दीपा मंडपम’ में ही जलाया जाता रहा है।

राज्य सरकार ने इस विवादित खंभे पर अनुष्ठान करने की अनुमति देने के कानूनी और प्रशासनिक परिणामों पर भी चिंता जताई है। इसमें कानून-व्यवस्था से जुड़ी जटिलताओं की आशंका भी शामिल है, क्योंकि यह जगह दरगाह के काफी करीब है।

सुप्रेम कोर्ट के आदेश में क्या है?

20 नवंबर को जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल एम. पंचोली की एक बेंच ने 24 नवंबर को ‘दीपाथून’ पर ‘कार्तिगई दीपम’ का दीपक जलाने की अनुमति दी।

यह एक बार के लिए की गई अंतरिम व्यवस्था थी। यह आदेश तब आया जब सुप्रीम कोर्ट इस अनुष्ठान को लेकर मद्रास हाई कोर्ट के निर्देशों के खिलाफ दायर याचिकाओं पर सुनवाई कर रहा था।

कोर्ट ने केवल मंदिर प्रशासन और सरकारी अधिकारियों द्वारा अधिकृत एक सीमित टीम को ही उस जगह पर जाकर दीपक जलाने की अनुमति दी। साथ ही जिला कलेक्टर को निगरानी के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया।

सुप्रीम कोर्ट ने विवादित स्थान पर किसी भी तरह के तनाव को बढ़ने से रोकने के लिए सुरक्षा उपाय लागू किए। कोर्ट ने आम लोगों को उस जगह पर जाने से रोका और अनुष्ठान के दौरान जुलूस निकालने, सार्वजनिक रूप से इकट्ठा होने, नारे लगाने और प्रदर्शन करने पर रोक लगा दी।

कोर्ट ने मद्रास हाई कोर्ट के फैसले के उन हिस्सों पर भी रोक लगा दी, जिनमें ‘दीपाथून’ पर दीपक जलाने की परंपरा को बहाल करने के निर्देश को सही ठहराया गया था। सबसे खास बात यह है कि यह अनुमति केवल 24 नवंबर तक के लिए थी।

इससे इस अनुष्ठान के इतिहास, पहाड़ी की मालिकाना हक, या खंभे पर दीपक जलाने के किसी पारंपरिक या धार्मिक अधिकार से जुड़े बड़े विवाद का निपटारा नहीं हुआ।

कोर्ट ने साफ किया कि न तो यह अनुमति और न ही यह अनुष्ठान किसी स्थापित परंपरा या उस जगह तक जाने के किसी निरंतर अधिकार का सबूत माना जा सकता है।

इसके बाद, तमिलनाडु सरकार ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया और 20 नवंबर के आदेश की समीक्षा करने और इस ‘एक बार की अनुमति’ पर रोक लगाने की मांग की। हालांकि 24 नवंबर की व्यवस्थाओं का आधार यही अंतरिम निर्देश बना रहा।

24 नवंबर को क्या हुआ?

24 नवंबर को तिरुपरनकुंद्रम में कड़ी सुरक्षा और तनाव के बीच ‘कार्तिगई दीपम’ समारोह आयोजित किया गया। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट द्वारा तय की गई जगह ‘दीपाथून’ पर दीपक नहीं जलाया गया। इसके बजाय शाम करीब 6 बजे उच्छी पिल्लयार मंदिर के पास स्थित पारंपरिक ‘दीपा मंडपम’ में ‘महा दीपम’ जलाया गया।

यह घटनाक्रम तब हुई जब मदुरै के कलेक्टर निशांत कृष्ण ने मद्रास हाई कोर्ट की मदुरै बेंच को बताया था कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पालन किया जाएगा।

हाई कोर्ट ने अधिकारियों को सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन करने की उनकी जिम्मेदारी याद दिलाई थी और चेतावनी दी थी कि अगर आदेश नहीं माना गया, तो उनके खिलाफ अदालत की अवमानना की कार्रवाई की जाएगी।

राज्य के कानून मंत्री सी.टी.आर. निर्मलकुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए इसकी पुष्टि की कि पारंपरिक स्थान पर ही दीप जलाया गया है।

उन्होंने लिखा, ‘तिरुपरनकुंद्रम में मुख्य देवता के गर्भगृह के ठीक ऊपर, उच्छी पिल्लयार मंदिर के पास स्थित ‘दीपा मंडपम’ में ‘कार्तिगई महा दीपम’ प्रज्वलित किया गया है।’

इस फैसले के बाद हिंदू संगठनों और बीजेपी कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया और मांग की कि सरकार सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों को लागू करे।

पहाड़ी के पास तनाव की स्थिति बन गई, जहां प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार के खिलाफ नारे लगाए। पुलिस ने तिरुपरनकुंद्रम और आसपास के इलाकों में 5600 से अधिक जवानों को तैनात किया था और पहाड़ी की चोटी पर आम लोगों के जाने पर रोक लगा दी गई थी।

बाद में जिला प्रशासन ने बताया कि मंदिर के ‘बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज’ की चिंताओं के कारण आखिरी समय में पारंपरिक स्थान पर ही दीप जलाने का फैसला लिया गया। ट्रस्टियों का कहना था कि ‘दीपा मंडपम’ ही इस अनुष्ठान के लिए पारंपरिक जगह है और यह परंपरा वहीं जारी रहनी चाहिए।

कलेक्टर ने क्यों कहा ‘दीपाथून’ में दीपक नहीं जलाया जा सका?

सुप्रीम कोर्ट में दाखिल एक स्टेटस रिपोर्ट में मदुरै के जिला कलेक्टर निशांत कृष्णा ने बताया कि प्रशासन ने 20 नवंबर के आदेश को लागू करने की पूरी तैयारी कर ली थी, लेकिन वे आगे नहीं बढ़ सके क्योंकि मंदिर के बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज ने दीपक जलाने के लिए प्रस्तावित टीम को अनुमति नहीं दी।