Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home उत्तर प्रदेश श्रावस्ती में 225 कुपोषित बच्चों को पोषण किट मिली:माताओं को लोहे की...

श्रावस्ती में 225 कुपोषित बच्चों को पोषण किट मिली:माताओं को लोहे की कड़ाही और परिवारों को पौष्टिक खाद्य सामग्री दी गई

श्रावस्ती में ‘परंपरा से पोषण’ अभियान के तहत 225 अतिकुपोषित बच्चों और उनकी माताओं को पोषण सामग्री दी गई। बुधवार शाम 4:00 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में हुए कार्यक्रम में लोहे की कड़ाही, पोषण किट और पौष्टिक खाद्य सामग्री बांटी गई। मंडलायुक्त देवी शक्ति नागपाल की पहल पर यह अभियान चलाया जा रहा है। कार्यक्रम में विधायक रामफेरन पांडेय, जिलाध्यक्ष डॉ. मिश्रीलाल वर्मा, जिलाधिकारी मनोज कुमार राय, मुख्य विकास अधिकारी शिशिर कुमार सिंह और जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि सुनील तिवारी मौजूद रहे। लाभार्थियों को गुड़, भुना चना, सत्तू, फोर्टिफाइड टेक होम राशन, कैल्शियम और ओआरएस-जिंक दिया गया। अधिकारियों ने उन्हें संतुलित आहार के बारे में भी बताया। अभियान में दी गई लोहे की कड़ाही का उद्देश्य भोजन में आयरन की मात्रा बढ़ाना और महिलाओं व बच्चों में खून की कमी से बचाव को बढ़ावा देना है। स्थानीय स्तर पर मिलने वाले पौष्टिक खाद्य पदार्थों को रोज के भोजन में शामिल करने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी मनोज कुमार राय ने कहा कि अभियान के जरिए क्षेत्रीय खानपान की परंपराओं को फिर से अपनाने और माताओं-बच्चों को पोषण के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। कुपोषण से निपटने के लिए आंगनबाड़ी और स्वास्थ्य विभाग बच्चों की नियमित निगरानी, स्वास्थ्य जांच और पोषण संबंधी सलाह देंगे। विधायक ने मातृ और शिशु पोषण के लिए पौष्टिक भोजन अपनाने की अपील की। मुख्य विकास अधिकारी ने विभागों के बीच तालमेल और लोगों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।