Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home देश 128 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ती ट्रेन को शून्य पर...

128 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ती ट्रेन को शून्य पर रोका, बंगाल में बड़ा रेल हादसा टला

पीटीआई, नई दिल्ली। बंगाल में 19 नवंबर की रात लोको पायलट और सहायक लोको पायलट की सूझबूझ से एक बड़ा रेल हादसा टल गया।

हावड़ा और बर्द्धमान के बीच 128 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही शब्दभेदी एक्सप्रेस के ऊपर बिजली आपूर्ति करने वाले ओवरहेड उपकरण (ओएचई) के तार टूटकर ट्रेन में उलझ गए।

भारी बारिश और कम दृश्यता के बावजूद लोको पायलट ने आपातकालीन ब्रेक लगाकर ट्रेन को सुरक्षित रोक दिया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, घटना रात करीब 11 बजे हुई।

ट्रेन संख्या 22323 तेज रफ्तार से आगे बढ़ रही थी, तभी लोको पायलट ने सामने बिजली के संपर्क तार को असामान्य तरीके से लहराते देखा।

खतरे को भांपते हुए उन्होंने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाया और करीब एक किलोमीटर के भीतर ट्रेन की रफ्तार 128 किलोमीटर प्रति घंटे से शून्य कर दी।

अधिकारियों ने बताया कि ओएचई का कैटेनरी तार टूटकर ट्रेन के पहियों और बाहरी हिस्से में उलझ गया था। दो रेलवे ट्रैक के लिए लगी सहायक संरचना भी लटक गई थी। करीब दो किलोमीटर के क्षेत्र में बिजली के तार क्षतिग्रस्त हुए थे।

इस घटना से इंजन, डिब्बों और रेलवे बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचने के साथ जानमाल का बड़ा नुकसान होने की आशंका थी। हालांकि, चालक दल की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।

इंजन तारों में सीधे उलझने से बच गया और कुछ डिब्बों के शीशों को ही नुकसान पहुंचा। गौरतलब है कि शब्दभेदी एक्सप्रेस बंगाल के कोलकाता चितपुर से उत्तर प्रदेश के गाजीपुर सिटी के बीच साप्ताहिक ट्रेन के रूप में चलती है।