डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में बलवंत सिंह राजोआना की उस याचिका का विरोध किया, जिसमें उसने 1995 में पंजाब के तत्कालीन मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या के मामले में मिली मौत की सजा को उम्रकैद में बदलने की मांग की थी। केंद्र ने कहा कि राजोआना का संविधान या अदालतों में कोई भरोसा नहीं है।
राजोआना लगभग 30 वर्षों से जेल में बंद है। उसने अपनी दया याचिका पर फैसला लेने में हुई देरी का हवाला देते हुए मौत की सजा को उम्रकैद में बदलने की मांग की है। जस्टिस विक्रम नाथ, जस्टिस संदीप मेहता और जस्टिस अपरेश कुमार सिंह की पीठ ने राजोआना की याचिका पर सुनवाई पूरी कर ली है और सभी पक्षों से तीन सप्ताह के भीतर अपनी लिखित दलीलें दाखिल करने को कहा है।
केंद्र की ओर से पेश हुए एडिशनल सालिसिटर जनरल के. एम. नटराज ने इस याचिका का विरोध किया। उन्होंने कहा कि राजोआना ने खुद कहा है कि वह संविधान में विश्वास नहीं रखता और न ही उसे अदालतों पर कोई भरोसा है।
उसके ये बयान ट्रायल कोर्ट के फैसले में दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि ट्रायल कोर्ट द्वारा सुनाई गई मौत की सजा के खिलाफ राजोआना ने कभी हाई कोर्ट में कोई अपील नहीं की, और न ही उसने इस सजा के खिलाफ कोई दया याचिका या रेफरेंस दायर किया।
गौरतलब है कि 31 अगस्त 1995 को चंडीगढ़ में सिविल सचिवालय के प्रवेश द्वार पर हुए एक विस्फोट में बेअंत सिंह और 16 अन्य लोग मारे गए थे। जुलाई 2007 में एक विशेष अदालत ने राजोआना को मौत की सजा सुनाई।

















