जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। खोए हुए मोबाइल फोन को ढूंढने और साइबर ठगी से बचने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आम लोगों से ‘संचार साथी’ डिजिटल प्लेटफार्म का इस्तेमाल करने की अपील की है। मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 140वें संस्करण में प्रधानमंत्री ने बताया कि ‘संचार साथी’ की मदद से अब तक 14 लाख खोए हुए मोबाइल फोन वापस दिलाए जा चुके हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि साइबर ठगी से हुए पांच हजार करोड़ रुपये से अधिक के नुकसान को रोकने में सफलता मिली है। युवाओं को नशे की लत से मुक्ति दिलाने की जरूरत पर बल देते हुए उन्होंने ‘नशा मुक्त युवा अभियान’ में मिल रही सफलता को रेखांकित किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने डिजिटल दुनिया को सुरक्षित बनाने में छोटी-छोटी सावधानियों की अहमियत बताते हुए कहा कि भारत सरकार का डिजिटल प्लेटफार्म इसमें मददगार साबित हो सकता है। इस प्लेटफार्म के पोर्टल पर अब तक 30 करोड़ से ज्यादा विजिट हो चुका है। लगभग तीन करोड़ बार इस एप को डाउनलोड किया जा चुका है।
उन्होंने ‘संचार साथी’ के काम करने के तरीके पर कहा कि यह मोबाइल फोन के आइएमईआई नंबर की मदद से खोए हुए मोबाइल को ढूंढता है। जैसे ही कोई व्यक्ति दूसरा सिम डालकर मोबाइल को चालू करता है, एजेंसियों को इसकी जानकारी मिल जाती है।
‘संचार साथी’ से साइबर ठगी रोकने की जानकारी देते हुए पीएम ने कहा कि इसकी मदद से बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा रहा है। संदिग्ध साइबर ठगों के हजारों मोबाइल कनेक्शन को काटा गया है। ‘संचार साथी’ से बैंक, पेमेंट एप, टेलीकाम कंपनियां और पुलिस समेत 1600 से ज्यादा संस्थान जुड़े हुए हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने नशे की गिरफ्त में फंसे युवाओं को इससे मुक्त कराने की जरूरत बताई। उन्होंने ऐसे ही एक युवा से हुई बातचीत को सुनाया, जिसमें युवा ने बताया कि किस तरह से वह नशे की स्याह दुनिया से निकलने में सफल रहा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारे युवा बड़े-बड़े सपने देख रहे हैं, उन्हें पूरा करने के लिए जी-जान से जुटे हैं, लेकिन इन सपनों के सामने नशा एक बड़ी चुनौती बन गई है। प्रधानमंत्री ने इससे निपटने के लिए चलाए जा रहे ‘नशा मुक्त युवा अभियान’ के क्रियान्वयन पर संतोष जताया। कहा कि देशभर में नशे के खिलाफ लड़ाई में समाज की बढ़ती भागीदारी देखना उत्साहजनक है।
यह भी कहा पीएम ने-पिछले साल चाकलेट और कोको से बने उत्पादों का निर्यात करीब 25 प्रतिशत बढ़ा। इस क्षेत्र के स्टार्टअप नवाचार को बढ़ावा दे रहे हैं और स्थानीय स्तर पर मिलने वाली सामग्री से नए स्वाद तैयार कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पटना के बिहार संग्रहालय ने दुनिया के 100 सर्वश्रेष्ठ संग्रहालयों की सूची में नौवां स्थान हासिल किया है और एशिया में पहले स्थान पर है। यह पेरिस के लूव्र और न्यूयार्क के मेट संग्रहालय से आगे है। -हमें पूरे उत्साह के साथ ‘फिट इंडिया अभियान’ को आगे बढ़ाते रहना चाहिए। अपने भोजन में तेल का इस्तेमाल 10 प्रतिशत कम करने की मेरी सलाह भी याद रखें।

















