बस्ती के छावनी थाना क्षेत्र में रम्हटिया गांव के पास शनिवार शाम गोरखपुर-अयोध्या लेन पर कार छुट्टा जानवर से टकरा गई। कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए।
.
कार का नंबर UP 32 MT 6285 है। टक्कर से कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, बोनट पिचक गया और शीशा टूट गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे की वजह सड़क पर आया जानवर ही नहीं, बल्कि हाइवे से सटा एक पुराना मकान भी है। उनका कहना है कि मकान के कारण हाइवे से आने वाले वाहन और साइड रोड से निकलने वाले वाहन या जानवर एक-दूसरे को समय पर नहीं देख पाते।
जानकारी के अनुसार, हाइवे निर्माण के समय मकान राष्ट्रीय राजमार्ग की जमीन की जद में आया था और NHAI ने इसका मुआवजा भी दिया था। इसके बावजूद मकान अब तक वहां मौजूद है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां अचानक वाहन या जानवर सामने आने से अक्सर हादसे होते हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि इस जगह को लेकर कई बार शिकायत की गई, लेकिन छुट्टा जानवरों को पकड़ने की व्यवस्था नहीं हुई और मुआवजा दिए जा चुके मकान को भी नहीं हटाया गया।
ग्रामीणों ने मकान हटाने, स्पीड ब्रेकर और साइन बोर्ड लगाने के साथ जानवरों से बचाव के लिए बैरिकेडिंग करने की मांग की है।















