कृष्ण गुप्ता | नौतनवाॅ(नौतनवाॅ), महराजगंज10 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

महाराजगंज जिले की सोनौली सीमा पर नेपाल प्रशासन ने पंजाब के मोहाली से आई एक गैर-सरकारी संस्था (NGO) को राहत सामग्री के साथ प्रवेश की अनुमति नहीं दी। नेपाल में आई अचानक बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए पहुंची इस टीम को सीमा पार करने की इजाजत न मिलने के बाद वापस लौटना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, पंजाब के मोहाली स्थित इस NGO की टीम स्वर्णजीत सिंह के नेतृत्व में दो हिलक्स वाहनों से राहत सामग्री लेकर नेपाल के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंची थी। टीम का उद्देश्य बाढ़ पीड़ितों के बीच आवश्यक वस्तुओं का वितरण करना था। वाहनों में ग्रोसरी, तिरपाल और मच्छरदानी सहित अन्य जरूरी सामान लदा हुआ था।
संस्था की टीम सोनौली सीमा के रास्ते नेपाल में प्रवेश करना चाहती थी। सीमा पर पहुंचने के बाद टीम के सदस्यों ने नेपाल प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों में जाने की अनुमति मांगी, लेकिन उन्हें इजाजत नहीं मिली। संस्था की सदस्य दीपिका ने बताया कि अनुमति न मिलने के कारण टीम को राहत सामग्री के साथ वापस लौटना पड़ रहा है।
संस्था के सदस्यों के मुताबिक, नेपाल पुलिस ने उन्हें बताया कि बाहर से राहत सामग्री लेकर नेपाल में प्रवेश करने की अनुमति नहीं है। पुलिस ने सुझाव दिया कि यदि संस्था बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद करना चाहती है, तो वे नेपाल के भीतर से आवश्यक सामग्री खरीदकर उसका वितरण कर सकते हैं।
टीम के सदस्यों ने स्पष्ट किया कि वे मानवीय सहायता के उद्देश्य से पहुंचे थे और उनका कोई व्यावसायिक मकसद नहीं था। इसके बावजूद अनुमति न मिलने के कारण उन्हें अपना सामान वापस ले जाना पड़ा।
नेपाल में लगातार बारिश और अचानक आई बाढ़ से कई क्षेत्रों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। ऐसे में राहत सामग्री लेकर पहुंची संस्था की टीम को सीमा पर रोके जाने का यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
































