Home उत्तर प्रदेश न्यूज़ सिसवा में रायपुर-मंगलछपरा मार्ग की बदहाली पर ग्रामीणों का गुस्सा:PWD के खिलाफ...

सिसवा में रायपुर-मंगलछपरा मार्ग की बदहाली पर ग्रामीणों का गुस्सा:PWD के खिलाफ धरना, मांग न मानी तो भूख हड़ताल

सिसवा नगरपालिका क्षेत्र में रायपुर से मंगलछपरा जाने वाले खराब रास्ते को लेकर मंगलवार को लोगों का गुस्सा सड़क पर आ गया। राजन विश्वकर्मा के नेतृत्व में इलाके के लोगों ने सांकेतिक धरना दिया और लोक निर्माण विभाग (PWD) के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों ने सड़क के तुरंत मरम्मत की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। धरने को संबोधित करते हुए राजन ने कहा कि रायपुर-मंगलछपरा मार्ग लंबे समय से खराब है। सड़क जगह-जगह टूट चुकी है और बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आना-जाना मुश्किल हो गया है। बारिश के बाद गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और खतरनाक हो जाती है। पैदल चलने वालों के साथ दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी जान जोखिम में डालकर आना-जाना पड़ रहा है। राजन विश्वकर्मा ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, महराजगंज को पत्र भेजकर सड़क का तुरंत मौके पर जाकर निरीक्षण करने और मरम्मत का काम शुरू कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह रास्ता क्षेत्र के लोगों के लिए एक जरूरी संपर्क मार्ग है। इसकी अनदेखी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विभाग ने जल्द सड़क निर्माण की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया तो आंदोलन को बड़ा किया जाएगा। राजन ने साफ कहा कि मांग पूरी नहीं हुई तो वह भूख हड़ताल शुरू करने से भी पीछे नहीं हटेंगे। इस घोषणा के बाद धरने में मौजूद लोगों ने आंदोलन के समर्थन में आवाज उठाई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि विभाग सिर्फ कागजी कार्रवाई न करे, बल्कि मौके पर पहुंचकर सड़क की असली हालत देखे और मरम्मत का काम तुरंत शुरू कराए। लोगों ने कहा कि खराब सड़क के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। धरने में राजेश कुमार, सत्यम पांडेय, गुड्डू, कयामुद्दीन, राजकुमार, मेहताब, इशराफिल, शुकरुल्लाह, जाहिद, नरेंद्र यादव, आलोक, रामकरण सहित बड़ी संख्या में इलाके के लोग मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here