Amethi: अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत संग्रामपुर पुलिस ने तीन वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की छह मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार बरामद बाइकों में दो मोटरसाइकिलों की चोरी के संबंध में संग्रामपुर और गौरीगंज थाने में पहले से मुकदमे दर्ज हैं।
जानिए क्या है पूरा मामला?
पुलिस अधीक्षक अमेठी सरवणन टी. के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में क्षेत्राधिकारी अमेठी मनोज कुमार मिश्र के नेतृत्व में संग्रामपुर पुलिस सोमवार को क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ओझा का पुरवा बाग में छह मोटरसाइकिलों के साथ मौजूद तीन संदिग्धों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल यादव (27) निवासी शुकुलडीह, थाना मुंशीगंज, गजाधर वर्मा (32) निवासी नया पुरवा, थाना संग्रामपुर और आदित्य उर्फ करन (21) निवासी पाण्डेय का पुरवा, थाना गौरीगंज के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों से मोटरसाइकिलों के कागजात मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि बरामद मोटरसाइकिलें चोरी की हैं और उन्होंने मिलकर अलग-अलग स्थानों से इन्हें चोरी किया था। पुलिस के अनुसार होंडा एसपी बाइक नंबर UP 72 BQ 0138 को 18 सितंबर को संग्रामपुर क्षेत्र के विशेषरगंज पुलिया के पास से चोरी किया गया था, जबकि हीरो स्प्लेंडर प्लस नंबर UP 36 8380 को गौरीगंज थाना क्षेत्र के पूरे जगन टिकरिया से चोरी करने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार पकड़े जाने से बचने के लिए आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलों की नंबर प्लेट खुरचकर मिटा देते थे या उन पर फर्जी नंबर प्लेट लगा देते थे। बरामद अन्य वाहनों में बजाज पल्सर, बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर, हीरो होंडा पैशन और बजाज प्लेटिना शामिल हैं। संग्रामपुर पुलिस ने मामले में बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राम कुमार यादव, उपनिरीक्षक राजेश कुमार, हेड कांस्टेबल अजय कुमार गिरि, कांस्टेबल दीपेन्द्र सिंह, कांस्टेबल प्रदीप गुप्ता और कांस्टेबल सुयस त्रिपाठी शामिल रहे।
The post Amethi में “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत तीन वाहन चोर गिरफ्तार, छह बाइक बरामद appeared first on Breaking Tube.















































