गौरिया नैन में मंगलवार से अखंड रामचरितमानस पाठ शुरू हो गया है। यह आयोजन वर्षों से चली आ रही धार्मिक परंपरा का हिस्सा है। बाबा राम मणि पांडेय जी की मूर्ति पर माल्यार्पण कर पाठ का शुभारंभ किया गया। इस धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे इलाके में भक्तिमय माहौल है। श्रद्धालुओं ने बाबा की प्रतिमा पर फूल चढ़ाकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इसी कड़ी में बुधवार को गौरिया नैन में विराट दंगल और मेले का आयोजन किया जाएगा। दंगल का आयोजन शैलेश पाण्डेय और यज्ञेश पाण्डेय कर रहे हैं। गौरिया नैन की इस ऐतिहासिक कुश्ती परंपरा से जुड़े महादंगल को लेकर इलाके के लोगों में काफी उत्साह है। इस आयोजन में नेपाल समेत देश के कई राज्यों से जाने-माने पहलवानों के आने की उम्मीद है। अखाड़े में पहलवान अपने दांव-पेंच और ताकत का प्रदर्शन करेंगे। महादंगल के लिए आयोजन स्थल पर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। कुश्ती मुकाबले देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और युवा पहुंच सकते हैं। आयोजकों ने बताया कि महादंगल का मकसद इलाके की पुरानी कुश्ती परंपरा को जिंदा रखना है। साथ ही युवा पीढ़ी को भारतीय पारंपरिक खेलों से जोड़ना भी इसका उद्देश्य है। धार्मिक आयोजन, मेला और रोमांचक कुश्ती मुकाबले बुधवार को खास आकर्षण रहेंगे।
Home उत्तर प्रदेश न्यूज़ गौरिया नैन में अखंड रामचरितमानस पाठ शुरू:कल सजेगा विराट महादंगल, नेपाल समेत...




















