
कोलकाता। मानसून की सक्रियता के चलते आज पूरे पश्चिम बंगाल में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। राज्य के अधिकांश हिस्सों में घने बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, कुछ इलाकों में तेज हवाओं और बिजली चमकने के साथ मुसलाधार बौछारें भी पड़ सकती हैं।मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, आज राज्य में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। हवा में नमी का स्तर 85 से 93 प्रतिशत तक रहने के कारण लोगों को उमस का सामना भी करना पड़ सकता है। इस दौरान 16 से 19 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दक्षिणी-पूर्वी हवाएं चलेंगी।कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल के गांगेय मैदानी क्षेत्रों में सुबह से बादल छाए हुए हैं। दिन में हल्की वर्षा के बाद शाम या रात के समय गरज-चमक के साथ आंधी और बारिश की तीव्रता बढ़ने की संभावना जताई गई है।पूर्व एवं पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, बीरभूम, पुरुलिया, बांकुड़ा, विष्णुपुर, आसनसोल और खड़गपुर समेत पूरे दक्षिण-पश्चिमी अंचल में आज आसमान में बादलों का डेरा रहेगा। मानसून की सक्रियता के कारण इन जिलों में दिनभर रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश और गर्जन के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं। कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश भी हो सकती है। उच्च आर्द्रता के चलते दिन में उमस बनी रहेगी, जबकि शाम होते-होते आंधी-पानी से तापमान में गिरावट आने और राहत मिलने की उम्मीद है।उधर, उत्तर बंगाल के पर्वतीय क्षेत्रों दार्जिलिंग और कलिम्पोंग के साथ-साथ जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार में भी मानसूनी हवाएं पूरी तरह हावी हैं। इन जिलों में दिनभर रुक-रुक कर मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं। मौसम विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।\


























