Home लेटेस्ट न्यूज़ भाथर रेलवे फाटक पर अंडरपास निर्माण का विरोध, रुकवाया काम:बलरामपुर में फ्लाईओवर...

भाथर रेलवे फाटक पर अंडरपास निर्माण का विरोध, रुकवाया काम:बलरामपुर में फ्लाईओवर की मांग को लेकर प्रदर्शन, ग्रामीण बोले- बारिश में जलभराव का भी खतरा

0
1


बलरामपुर में बढ़नी-पचपेड़वा रेलखंड पर भाथर समपार रेलवे फाटक संख्या 97C पर प्रस्तावित अंडरपास के निर्माण को लेकर क्षेत्रवासियों में नाराजगी है। सोमवार दोपहर करीब 2 बजे ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवा दिया। ग्रामीणों ने अंडरपास के स्थान पर फ्लाईओवर निर्माण कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि भाथर चौराहे से होकर जाने वाला मार्ग नेपाल सीमा तक जाता है। इस मार्ग पर रोजाना बड़ी संख्या में ट्रक, ट्रैक्टर, पिकअप समेत अन्य भारी वाहनों का आवागमन होता है। ऐसे में अंडरपास बनने के बाद भारी वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने की आशंका है। किसानों को यूरिया, डीएपी, अन्य उर्वरक और कृषि उपकरण ले जाने में भी परेशानी हो सकती है। बारिश में जलभराव का जताया खतरा क्षेत्रवासियों ने बताया कि आसपास के क्षेत्रों में बनाए गए कई अंडरपासों में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या सामने आती है। भाथर फाटक के पास सरयू नहर होने के कारण यहां भी बारिश के समय पानी भरने की आशंका है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि अंडरपास में जलभराव हुआ तो लंबे समय तक आवागमन बाधित हो सकता है। इससे स्कूली बच्चों, मरीजों, आपातकालीन वाहनों और आम राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ सकती है। ग्रामीणों के मुताबिक, यह मार्ग आसपास के गांवों की व्यावसायिक गतिविधियों और खाद्यान्न आपूर्ति के लिए भी महत्वपूर्ण है। सैकड़ों गांवों का प्रभावित होगा आवागमन ग्रामीणों ने बताया कि अंडरपास बनने और आवागमन सीमित होने की स्थिति में आसपास के सैकड़ों गांवों के लोगों को लंबा वैकल्पिक रास्ता अपनाना पड़ सकता है। भोजपुर तालुकदार, आजमडीह, फरेंदी, कुशमहर, पोखरभिटवा, मिश्रौलिया, हरिहरपुर, रेहरा, मंगनी, सडनी, बड़का भुकुरुवा और कंचनपुर सहित कई गांवों के लोगों के लिए यह रास्ता रोजमर्रा की जरूरतों, व्यापार और कृषि कार्यों के लिहाज से महत्वपूर्ण है। क्षेत्रवासियों ने रेलवे अधिकारियों से मांग की है कि अंडरपास के बजाय फ्लाईओवर का निर्माण कराया जाए, जिससे रेल यातायात निर्बाध बना रहे और सड़क मार्ग से जुड़े गांवों के लोगों का आवागमन भी प्रभावित न हो।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here