
पलामू। जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र स्थित मुनकेरी गांव के परवाटांड़ में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। आहर (तालाब) में नहाने के दौरान डूबने से सगे भाई-बहन की मौत हो गई। मृतकों की पहचान मुनकेरी गांव निवासी रहमत अली की 12 वर्षीय पुत्री सना फैज्या और 10 वर्षीय पुत्र अवैस रजा के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से पूरे गांव में शोक का माहौल है।मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 10 बजे रहमत अली परवाटांड़ स्थित अपने खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान उनके दोनों बच्चे पास ही स्थित आहर में नहाने चले गए। नहाते समय अचानक पैर फिसल जाने के कारण दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।आसपास मौजूद लोगों ने जब बच्चों को डूबते देखा, तो उन्होंने शोर मचाकर ग्रामीणों को सूचना दी। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को बाहर निकाला।परिजन दोनों बच्चों को तुरंत छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही छतरपुर पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। एक साथ दो मासूमों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
























