पाइपलाइन डालने के बाद सड़क की मरम्मत जरूरी:श्रावस्ती में जल जीवन मिशन की बैठक में जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने दिए निर्देश

0
3

श्रावस्ती की जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग की अध्यक्षता में जिला पेयजल एवं स्वच्छता समिति की बैठक हुई। इसमें जल जीवन मिशन के फेज-2 और फेज-5 के कामों की समीक्षा की गई। पहले से बनी परियोजनाओं के संचालन और रखरखाव पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने कहा कि पाइपलाइन डालने के बाद सड़क की मरम्मत प्राथमिकता से कराएं। काम पूरा होते ही सड़क को पहले जैसी हालत में लाया जाए। औचक जांच में कमी मिलने पर संबंधित इंजीनियर और काम करने वाली संस्था के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने इंजीनियरों से सौंपे गए काम गुणवत्ता के साथ पूरा कराने को कहा। बैठक में बताया गया कि जीए इन्फ्रा वीपीएल को 165 परियोजनाओं में 171 ऊंची पानी की टंकियां बनानी हैं। इनमें से 69 टंकियों का निर्माण पूरा हो चुका है। जिलाधिकारी ने फर्म से कर्मचारियों की संख्या बढ़ाकर बाकी टंकियों का काम जल्द पूरा करने को कहा। जल निगम (ग्रामीण) के अधिशासी अभियंता ने बताया कि जीरो पॉवर्टी अभियान के सर्वे में 5,569 परिवारों का सत्यापन पूरा हो गया है। हर घर जल योजना के तहत इनमें से 1,135 परिवारों को पहले ही कनेक्शन मिल चुका है। बाकी 4,434 पात्र परिवारों में से अब तक 3,024 को कनेक्शन दिया गया है। जिलाधिकारी ने बाकी 1,410 परिवारों को एक महीने के भीतर कनेक्शन देने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जल निगम (ग्रामीण) के अधिशासी अभियंता और जिले में काम कर रही फर्म से संचालन और रखरखाव में ली गईं 104 पाइप पेयजल योजनाओं में क्लोरीन मिलाकर नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here