महराजगंज में फार्मेसी एंड फार्मासिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा संगठन के विस्तार और मजबूती के क्रम में बागापार क्षेत्र की नई इकाई का विधिवत गठन किया गया। वरिष्ठ पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में बागापार इकाई की नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई। संगठन के विस्तार का यह कार्यक्रम वरिष्ठ इकाई अध्यक्ष चंद्रकांत मिश्रा और वरिष्ठ पदाधिकारी अनिल गुप्ता के विशेष मार्गदर्शन व सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर सर्वसम्मति से बागापार इकाई के नए पदाधिकारियों का चयन किया गया। जिसकी संशोधित सूची निम्नलिखित है: अध्यक्ष: राकेश कुमार यादव, उपाध्यक्ष: कमलेश प्रजापति, सचिव: अरविंद चौधरी, महासचिव: दीपक वर्मा, कोषाध्यक्ष: मनजीत कुमार गुप्ता। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पदाधिकारियों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत किया और संगठन के प्रति निष्ठापूर्वक कार्य करने की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर चंद्रकांत मिश्रा ने कहा कि फार्मासिस्ट समाज के स्वास्थ्य तंत्र की एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। बागापार में नई इकाई के गठन से क्षेत्र के फार्मासिस्टों को एक मजबूत मंच मिलेगा और उनकी समस्याओं का त्वरित व प्रभावी समाधान हो सकेगा। नवनियुक्त बागापार इकाई अध्यक्ष राकेश कुमार यादव ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “संगठन ने जो विश्वास हम पर जताया है, उस पर पूरी कार्यकारिणी मिलकर खरा उतरने का प्रयास करेगी। बागापार क्षेत्र में फार्मासिस्टों के हित, उनके अधिकारों की रक्षा और जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना हमारी पहली प्राथमिकता होगी।” कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक स्थानीय फार्मासिस्ट, संगठन के सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने नई कार्यकारिणी को बधाई दी और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
महराजगंज में फार्मासिस्ट एसोसिएशन इकाई गठित:राकेश कुमार यादव बने नए अध्यक्ष, जनस्वास्थ्य जागरूकता पर रहेगा ध्यान
और पढ़ें
संबंधित खबरें














































